भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

Aaj ka Mausam Live: आज मेघों का महाअटैक, मानसून दिखाएगा रौद्र रूप,...


IMD 7th July Weather News: जुलाई का पहला सप्ताह खत्म होने से पहले ही मानसून (Monsoon Rain)पूरे देश पर मेहरबान होता नजर आ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 7 जुलाई के लिए ऐसा पूर्वानुमान जारी किया है, जो कई राज्यों के लिए राहत के साथ-साथ मुश्किलें भी लेकर आ सकता है. आईएमडी ने आज 25 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिनमें से 4 राज्यों में बेहद भारी बारिश का रेड अलर्ट (IMD Red Alert) जारी किया है. इस दौरान तेज बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है.

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. इसके साथ सक्रिय मानसूनी ट्रफ, पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से लगातार मिल रही नमी ने पूरे मौसम तंत्र को बेहद मजबूत बना दिया है. यही वजह है कि आज देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.

दिल्ली में बादलों का रहेगा डेरा

दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए मंगलवार राहत और चुनौती दोनों लेकर आ सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होगी. कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है.

नई दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, द्वारका, रोहिणी, शाहदरा, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश की संभावना है. इससे तापमान में तो ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उमस से राहत जरूर मिलेगी. हालांकि, निचले इलाकों में जलभराव और सुबह-शाम के पीक ऑवर में ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ सकती है.

महाराष्ट्र में आज भी बारिश जारी रहने का अनुमान है.

पूर्वांचल में मेघों का डेरा, पश्चिमी यूपी में भी झमाझम

उत्तर प्रदेश में आज मानसून का पूरा जोर देखने को मिल सकता है. खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वाराणसी, गोरखपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, आजमगढ़, मऊ और प्रयागराज जैसे जिलों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.

वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश भी बारिश से अछूता नहीं रहेगा. मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, अलीगढ़, आगरा, मथुरा और नोएडा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. खेतों में काम कर रहे किसानों और खुले स्थानों पर मौजूद लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

चारधाम यात्रा पर मौसम की चुनौती

देवभूमि उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते हालात संवेदनशील बने हुए हैं. देहरादून, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश की संभावना है.

इस चलते चारधाम यात्रा मार्गों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है. नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है. प्रशासन ने यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही सफर करने की सलाह दी है.

बिहार में भी होगी झमाझम बारिश

बिहार में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. पटना, भागलपुर, गया, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल, मधुबनी, सीतामढ़ी और दरभंगा समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है.

लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में जलभराव और छोटी नदियों के उफान पर आने की आशंका है. मौसम विभाग ने बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की है और लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों के भीतर रहने की अपील की है.

झारखंड में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी

झारखंड में बना डिप्रेशन राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश करा सकता है. रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर और दुमका सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है.

बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का अलर्ट

डिप्रेशन का सबसे अधिक असर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा. दोनों राज्यों के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने से बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.

विदर्भ क्षेत्र में भी मूसलाधार बारिश की संभावना है. प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.

महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा में फिर आफत वाली बारिश

पश्चिमी भारत में कोंकण, गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में आज भी आफत वाली बारिश जारी रहने की आशंका है. मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और पुणे के घाट क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है.

दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र के कुछ इलाकों में भी तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है. कई नदियों का जलस्तर बढ़ने और निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका है.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत भी खूब भिगेंगे

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 24 घंटे भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश से भूस्खलन और बाढ़ का खतरा बना हुआ है.

दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी अच्छी बारिश होगी. तटीय कर्नाटक में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में भी अलर्ट

आईएमडी ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्र के बेहद उग्र रहने की चेतावनी दी है. गुजरात, कोंकण, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है.

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें. पहाड़ी राज्यों में यात्रा करने वाले लोग प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें और मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर पर निकलें. अगले कुछ दिनों तक मानसून का यही आक्रामक रुख देश के अधिकांश हिस्सों में बना रहने की संभावना है.

मौसम पूर्वानुमान की खास बातें…

आज देशभर में मौसम कैसा रहेगा?

देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. उत्तर, मध्य, पश्चिम, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश होगी. कई जगह भारी से बहुत भारी, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है.

किन राज्यों में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है?

गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, पूर्वी राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

किन राज्यों में बेहद भारी बारिश का अलर्ट है?

कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है.

क्या आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है?

हां. बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें, जलभराव वाले इलाकों में जाने से परहेज करें, बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top