भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

रांची सहित पूरे राज्य में मानसून एक्टिव:24 घंटे में रांची में 37...




बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन और लो प्रेशर सिस्टम के असर से झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। राजधानी रांची सहित लगभग सभी जिलों में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। आज भी सुबह से बादलों का बरसना जारी है। सोमवार को रांची में दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में रांची में 37 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि राज्य में सबसे अधिक 79.8 मिमी वर्षा सरायकेला-खरसावां के नीमडीह में दर्ज की गई। इसके अलावा लातेहार में 35 मिमी, रांची में 15 मिमी, मेदिनीनगर में 13 मिमी, बोकारो में 15 मिमी, जमशेदपुर में 2 मिमी, हजारीबाग और गुमला में 3-3 मिमी बारिश हुई। राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। 3 दिन तक तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी भारत मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा के ऊपर बना लो प्रेशर सिस्टम पिछले छह घंटे में करीब 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ा है। अगले 24 घंटे में पूरे झारखंड से गुजरने की संभावना है। इसके असर से राज्य में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने आज गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, लोहरदगा, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। 8 और 9 जुलाई को भी बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश जारी रहेगी। कई जिलों में मौसम हुआ सुहावना लगातार हो रही बारिश से झारखंड के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मेदिनीनगर में तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, जबकि रांची का तापमान 1.8 डिग्री घटा है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री और न्यूनतम 23.1 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम में मौसम सबसे ज्यादा सुहावना रहने का अनुमान है। जहां तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। हालांकि पलामू, गढ़वा और लातेहार जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में अपेक्षाकृत अधिक गर्मी रह सकती है। तापमान 34 डिग्री तक पहुंच सकता है। बारिश में अब भी भारी कमी, डैमों का जलस्तर कम एक जून से 6 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। बोकारो में 55%, खूंटी में 74%, कोडरमा में 76%, गढ़वा में 89% और गोड्डा में 79% तक कमी दर्ज की गई है। हालांकि सिमडेगा, धनबाद और गुमला में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। रांची में भी 11% की कमी बनी हुई है। वहीं डैमों का जलस्तर भी पिछले साल की तुलना में कम है। रांची के गेतलसूद में 31 मीटर के मुकाबले इस साल 19.04 मीटर, गोंदा में 26.07 के मुकाबले 18.02 और हटिया में 33.05 के मुकाबले 26.2 मीटर जलस्तर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से बचने तथा अनावश्यक यात्रा नहीं करने की सलाह दी है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top