Last Updated:
Use Defogger In Monsoon: बारिश में कार के शीशों पर धुंध जमने पर डिफॉगर का इस्तेमाल करना अच्छा रहता है. यह फीचर विजिबिलिटी बढ़ाता है और सुरक्षित ड्राइविंग में मदद करता है. इसके साथ अगर एसी चला लेंगे तो रिजल्ट और ज्यादा अच्छा मिलेगा.
जमशेदपुर. मानसून का मौसम शुरू होते ही बारिश का दौर भी तेज हो जाता है. बारिश के दौरान कार चलाने वालों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इनमें सबसे आम समस्या है कार के शीशों पर धुंध या फॉग जम जाना. कई बार बाहर बारिश हो रही होती है और कार के अंदर व बाहर के तापमान में अंतर होने के कारण विंडशील्ड और अन्य शीशों पर धुंध की परत बन जाती है. इससे सड़क साफ दिखाई नहीं देती और विजिबिलिटी काफी कम हो जाती है. ऐसी स्थिति में कई लोग अपनी गाड़ी को सड़क किनारे रोककर मौसम सामान्य होने का इंतजार करते हैं.
नयी कारों में मिलती है यह सुविधा
हालांकि बहुत से लोगों को यह पता नहीं होता कि उनकी कार में पहले से ही ऐसा फीचर मौजूद है, जो इस समस्या को कुछ ही मिनटों में दूर कर सकता है. यह फीचर है डिफॉगर (Defogger). आज लगभग सभी आधुनिक कारों में फ्रंट और रियर डिफॉगर की सुविधा दी जाती है, लेकिन जानकारी के अभाव में लोग इसका सही उपयोग नहीं कर पाते.
साफ दिखाई पड़ने लगता है
इस संबंध में जानकारी देते हुए वरिष्ठ तकनीशियन पारस बताते हैं कि बारिश के दौरान कार के अंदर मौजूद नमी और बाहर के तापमान में अंतर के कारण शीशों पर फॉग जम जाती है. ऐसे समय में ड्राइवर को घबराने की जरूरत नहीं है. कार के डैशबोर्ड पर डिफॉगर का बटन दिया जाता है. इसे ऑन करते ही शीशों पर गर्म या नियंत्रित हवा पहुंचती है, जिससे जमी हुई धुंध धीरे-धीरे हटने लगती है और सामने का दृश्य साफ दिखाई देने लगता है.
बारिश और ठंड में उपयोगी
फ्रंट डिफॉगर मुख्य रूप से आगे के विंडशील्ड शीशे को साफ करने का काम करता है. वहीं रियर डिफॉगर पीछे के शीशे पर जमी नमी और धुंध को हटाता है. रियर डिफॉगर में आमतौर पर शीशे पर लगी पतली हीटिंग लाइनों के माध्यम से गर्मी पैदा होती है, जिससे शीशा जल्दी साफ हो जाता है. यह फीचर खासकर सुबह, बारिश और ठंड के मौसम में काफी उपयोगी साबित होता है.
पारस बताते हैं कि अगर कार में एयर कंडीशनर है, तो डिफॉगर के साथ एसी का उपयोग करने से और भी बेहतर परिणाम मिलते हैं. एसी हवा में मौजूद नमी को कम करता है, जिससे शीशों पर दोबारा धुंध जमने की संभावना घट जाती है. साथ ही कार के शीशों को अंदर और बाहर से नियमित रूप से साफ रखना भी जरूरी है, क्योंकि गंदगी होने पर धुंध ज्यादा तेजी से जमती है.
डिफॉगर का करें इस्तेमाल
विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में सुरक्षित ड्राइविंग के लिए केवल ब्रेक, टायर और वाइपर ही नहीं, बल्कि डिफॉगर जैसे फीचर्स की जानकारी भी बेहद जरूरी है. अगर आप भी मानसून में कार चलाते हैं, तो अगली बार शीशों पर धुंध जमने पर घबराने के बजाय डिफॉगर का इस्तेमाल करें. इससे आपकी विजिबिलिटी बेहतर होगी, सफर सुरक्षित रहेगा और आपको बारिश के बीच गाड़ी रोककर इंतजार भी नहीं करना पड़ेगा.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें