भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

एसकेएमयू में स्नातक नामांकन के लिए 34 हजार से अधिक आवेदन, आवेदन...



भास्कर न्यूज |दुमका सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-29 में स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम तक कुल 34,100 विद्यार्थियों ने चांसलर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी की है, जबकि लगभग 3,946 आवेदन शुल्क भुगतान नहीं होने के कारण अभी भी लंबित हैं। आवेदन की अंतिम तिथि आज बुधवार 8 जुलाई निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार नामांकन प्रक्रिया के अगले चरण में 11 जुलाई को प्रथम मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी, जबकि 13 जुलाई से चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन एवं नामांकन प्रक्रिया संबंधित महाविद्यालयों में शुरू होगी। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। एसकेएमयू के अंतर्गत संथाल परगना प्रमंडल के छह जिलों दुमका, देवघर, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा और गोड्डा में स्थित कुल 43 महाविद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया संचालित की जा रही है, जिनमें 27 अंगीभूत तथा 16 संबद्ध कॉलेज शामिल हैं। अंगीभूत कॉलेजों में 13 पुराने डिग्री कॉलेज, 5 नए डिग्री कॉलेज, 4 महिला कॉलेज तथा 5 मॉडल कॉलेज शामिल हैं। कॉलेजवार आंकड़ों में देवघर के ए.एस. कॉलेज को सबसे अधिक 3,627 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके बाद ए.एन. कॉलेज को 2,891 तथा पथरगामा के एस.बी.एस.एस.पी.एस.जे . कॉलेज को 2,870 आवेदन मिले हैं। वहीं देवघर कॉलेज में 2,644 और संथाल परगना कॉलेज, दुमका में 2,599 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इसके अलावा के.के.एम. कॉलेज को 2,272, मधुपुर कॉलेज को 2,140, बरहरवा के बी.एस.के. कॉलेज को 1,807 तथा साहिबगंज कॉलेज को 1,805 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे कम आवेदन एम.ए. कलाम आजाद डिग्री कॉलेज, बसंतराय तथा मधुस्थली इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर ट्रेनिंग को मिले हैं, जहां अब तक एक भी भुगतान किया गया आवेदन दर्ज नहीं हुआ है। विषयवार आंकड़ों से स्पष्ट है कि इस वर्ष भी मानविकी संकाय के विषय विद्यार्थियों की पहली पसंद बने हुए हैं। इतिहास विषय में सर्वाधिक लगभग 8,600 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जबकि हिंदी विषय में लगभग 6,900 और राजनीति विज्ञान में लगभग 5,000 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी कर ली गई है, ताकि नए शैक्षणिक सत्र का संचालन निर्धारित समय पर किया जा सके। अधिकारियों के अनुसार अंतिम तिथि तक आवेदन संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है, क्योंकि कई विद्यार्थी अभी भी आवेदन शुल्क जमा करने की प्रक्रिया में हैं।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top