![]()
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले का पुलिस ने छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश और मानगो निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया। घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास सहित अन्य महत्वपूर्ण सामान भी मिले हैं। सड़क किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी थी ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडवाला ने गुरुवार को बताया कि 8 जुलाई की देर रात डायल-112 पर सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि सिमुलडांगा गांव के पास सड़क किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता ने पुलिस को अपना बयान दिया। उसने बताया कि दो युवक उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट की ओर घुमाने के बहाने ले गए थे। आरोपियों ने महिला के साथ की थी मारपीट वहां उसे शराब पिलाई गई और फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद दोनों उसे घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन, स्थानीय सूचना तंत्र और लगातार छापेमारी के आधार पर घटना के महज छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पेशे से चालक बताए जा रहे हैं।
Source link