Last Updated:
बोकारो के सेक्टर-8 में ‘चाऊमीन समोसा’ लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हो रहा है. माही समोसा स्टॉल पर मिलने वाले इस अनोखे समोसे की कीमत मात्र 12 रुपये है. यहां हर शाम फूड लवर्स की भारी भीड़ उमड़ती है. दुकान पर रोजाना करीब 300 पीस चाऊमीन समोसे की खपत होती है.
बोकारोः अगर आप समोसा लवर है और स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड की तलाश में हैं, तो ऐसे में बोकारो सेक्टर-8 सिवान मोड़ के सामने स्थित माही समोसा की दुकान आपके लिए बेहतरीन ठिकाना हो सकता है. यहां मिलने वाला चाऊमीन समोसा लोगों के बीच खूब लोकप्रिय है और हर शाम यहां चाऊमीन समोसा का लुत्फ उठाने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं.
दुकान के संचालक नारायण कुमार बताते हैं कि उनका स्टॉल करीब 10 साल पुराना है. वह बीते कई सालों से चाऊमीन समोसा बना रहे हैं. इस अनोखे समोसे का आइडिया उन्हें रांची से मिला जब उन्होंने पहली बार चाऊमीन समोसा खाया था. जिसके बाद उन्हें इसका स्वाद इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे बोकारो में बनाने का फैसला किया और देखते ही देखते स्थानीय लोगों का फवरेट समोसा बन गया.
कैसे बनता है चाऊमीन समोसा?
वहीं, चाऊमीन समोसा तैयार करने को लेकर नारायण ने बताया कि सबसे पहले चाऊमीन को उबालकर उसमें अलग-अलग मसाले मिलाए जाते हैं. इसके बाद मैदे की पतली परत बेलकर उसे त्रिकोण आकार दिया जाता है. अगले चरण में चाऊमीन कि स्टफिंग भरकर समोसे का आकार तैयार किया जाता है. फिर इसे गर्म तेल में सुनहरा होने तक तला जाता है और आखिर में मीठी चटनी के साथ ग्राहकों को परोसा जाता है.
रोजाना 300 पीस की खपत
उनकी दुकान पर चाऊमीन समोसे की कीमत 12 रुपये प्रति पीस है. आलू समोसा की कीमत 8 रुपये प्रति पीस है. लेकिन ज्यादातर ग्राहक चाऊमीन समोसा ही पसंद करते हैं. दुकान रोजाना शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहती है.
नारायण के अनुसार उनके यहां प्रतिदिन करीबन 300 पीस चाऊमीन समोसे की बिक्री हो जाती हैं. शाम के समय दुकान पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है. यही कारण है कि सेक्टर-8 का यह स्टॉल स्थानिय लोगों के बीच खूब लोकप्रिय है.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.