![]()
भास्कर न्यूज|गुमला गुमला शहर के दो सबसे प्रमुख और व्यस्त इलाकों में शामिल चेटर-टुकुटोली और डीएसपी रोड का निर्माण कराया जाएगा। पिछले लंबे समय से जर्जर सड़कों और जलजमाव की समस्या से जूझ रही बड़ी आबादी को जल्द ही इस परेशानी से स्थायी मुक्ति मिलने वाली है। नगर परिषद द्वारा चेटर-टुकुटोली और डीएसपी रोड के कायाकल्प के लिए दो करोड़ रुपए से अधिक का प्राक्कलन एस्टीमेट और तकनीकी प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। इस विभागीय प्रस्ताव को उच्च स्तर पर स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है। वहां से वित्तीय और तकनीकी स्वीकृति मिलते ही धरातल पर सड़क निर्माण का कार्य पूरी तत्परता के साथ शुरू कर दिया जाएगा। डीएसपी रोड शहर के लिए मिनी बाईपास की भूमिका निभाता है। इस मार्ग पर कई प्रमुख शैक्षणिक संस्थान हैं। जिसके कारण प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं और रिहायशी लोगों का यहां से आना-जाना होता है। वर्तमान में हर साल बरसात के मौसम में इस सड़क पर भारी जलजमाव हो जाता है। जिससे स्थानीय नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं दूसरी ओर चेटर-टुकुटोली की करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क भी लंबे समय से जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। इस परेशानी को देखते हुए स्थानीय पार्षदों और जागरूक नागरिकों ने लगातार इस समस्या के समाधान की मांग उठाई थी। जिसे लेकर नप ने अपने इंजीनियरिंग विंग से दोनों पथों का तकनीकी आकलन कराया और प्रस्ताव तैयार कर भेजा है। ईओ मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन शहर के बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बोर्ड बैठक में भी इन दोनों पथों के निर्माण पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग से स्वीकृति मिलते ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाएगा ताकि स्थानीय जनता, स्कूली बच्चों और राहगीरों को सुरक्षित मार्ग मिल सके। इधर निकट समय में निर्माण आरंभ होने की जानकारी से स्थानीय लोगों में उम्मीद और खुशी है।
Source link