भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

पुंदाग नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल की प्रगति पर असंतोष जताया



भास्कर न्यूज|लोहरदगा उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने सोमवार समेकित जनजाति विकास अभिकरण (आईटीडीए) अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों एवं कार्यान्वयन एजेंसियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त ने संविधान की धारा 275(1) के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए पेशरार प्रखंड के पुंदाग-हुसरू पथ में पुंदाग नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल की प्रगति पर गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने ग्रामीण कार्य विभाग, लोहरदगा के अभियंता को संबंधित संवेदक के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी 15 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। पेशरार प्रखंड के कुराग, कुडू प्रखंड के कुडू तथा सेन्हा प्रखंड के अलौदी पंचायत में निर्माणाधीन बहुद्देश्यीय केंद्र (एमपीसी) की धीमी प्रगति को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने पीडी, आईटीडीए को भौतिक जांच हेतु टीम गठित करने का निर्देश दिया। कार्यकारी एजेंसी जिला अभियंता, जिला परिषद द्वारा सदर प्रखंड स्थित मदरसा दिनिया रसिदिया छात्रावास के नवीकरण एवं मरम्मति कार्य को जुलाई माह के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला कल्याण पदाधिकारी को इसकी भौतिक जांच करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने विद्यालय जीर्णोद्धार से संबंधित पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने का भी निर्देश दिया। बैठक में एनआरईपी द्वारा क्रियान्वित अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय, पेशरार में मरम्मति एवं नए छात्रावास निर्माण तथा अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय, तुईमूपाट में नए विद्यालय भवन, शौचालय निर्माण एवं भवन मरम्मति कार्य को आगामी 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर लिए जाने की जानकारी कार्यपालक अभियंता द्वारा दी गई।
पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम अंतर्गत किस्को प्रखंड के अरेया ग्राम में संचालित मल्टी विलेज स्कीम के प्रभावी संचालन के लिए लाभुकों की ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति गठित करने तथा समिति का बैंक खाता खुलवाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी, लोहरदगा को दिया गया। बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top