Last Updated:
Rajasthan Me Makke Ki Kheti : राजस्थान में खरीफ फसलों की बुवाई शुरू. कृषि विशेषज्ञ मक्के की उन्नत किस्में जैसे प्रताप मक्का-3, HQPM-1, विवेक QPM-9 की सलाह दे रहे हैं. सही बीज और तकनीक से बेहतर उत्पादन मिलेगा. कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि अच्छी पैदावार के लिए केवल उन्नत बीज का चयन ही पर्याप्त नहीं है. खेत की उचित तैयारी, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर बुवाई, खरपतवार नियंत्रण और जरूरत के अनुसार सिंचाई भी उतनी ही जरूरी है.
उदयपुर. राजस्थान में मानसून की सक्रियता के साथ खरीफ फसलों की बुवाई का दौर शुरू हो चुका है. ऐसे में किसान मक्के की खेती की तैयारियों में जुट गए हैं. यदि आप भी इस बार मक्के की खेती करने जा रहे हैं, तो बीज का सही चयन करना बेहद जरूरी है. कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि उन्नत किस्मों का चयन करने से न केवल उत्पादन बढ़ता है, बल्कि फसल में रोगों का खतरा भी कम होता है और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ मिलता है.
उदयपुर कृषि महाविद्यालय के डॉ. महेश सिसोदिया ने बताया कि इस बार किसान प्रताप मक्का-3, प्रताप मक्का-5, HQPM-1, विवेक QPM-9 और DHM-117 जैसी उन्नत किस्मों का चयन कर सकते हैं. ये किस्में अलग-अलग क्षेत्रों की जलवायु के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन करती हैं. इनमें कई किस्में तना गलन, पत्ती झुलसा और अन्य प्रमुख रोगों के प्रति अपेक्षाकृत अधिक सहनशील मानी जाती हैं. साथ ही इनकी दाना गुणवत्ता भी बेहतर होती है, जिससे बाजार में अच्छी कीमत मिलने की संभावना रहती है.
केवल अच्छा बीज ही काफी नहीं
कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि अच्छी पैदावार के लिए केवल उन्नत बीज का चयन ही पर्याप्त नहीं है. खेत की उचित तैयारी, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर बुवाई, खरपतवार नियंत्रण और जरूरत के अनुसार सिंचाई भी उतनी ही जरूरी है. प्रमाणित बीज का उपयोग करने और कृषि विभाग की अनुशंसित तकनीकों को अपनाने से उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता में भी सुधार किया जा सकता है.
बीज खरीदने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
विशेषज्ञ किसानों को सलाह देते हैं कि बीज खरीदने से पहले अपने क्षेत्र की जलवायु, मिट्टी की प्रकृति और उपलब्ध सिंचाई सुविधाओं को जरूर ध्यान में रखें. किसी भी किस्म का चयन करने से पहले नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्र या कृषि विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें. सही किस्म और वैज्ञानिक खेती अपनाकर किसान इस मानसून में मक्के की फसल से बेहतर उत्पादन के साथ अच्छा मुनाफा हासिल कर सकते हैं.
About the Author
आनंद पाण्डेय वर्तमान में News18 हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें