![]()
गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड के कुंडी गांव में डीजे के बकाया पैसों को लेकर हुए विवाद में 65 वर्षीय जागेश्वर भुला की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना सोमवार शाम को हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामा खेरवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, कुछ माह पहले जागेश्वर भुला के घर में एक शादी समारोह था। इस दौरान उनके कहने पर गांव के रामा खेरवार ने 13 हजार रुपये में डीजे की व्यवस्था की थी। आरोप है कि समारोह के बाद भी जागेश्वर भुला ने डीजे का किराया नहीं चुकाया। इसके बाद रामा खेरवार को स्वयं डीजे संचालक का बकाया भुगतान करना पड़ा। तब से वह लगातार जागेश्वर भुला से अपनी राशि वापस मांग रहा था। सोमवार को रामा खेरवार एक बार फिर बकाया रकम मांगने जागेश्वर भुला के घर पहुंचा। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में रामा खेरवार ने लाठी से जागेश्वर भुला के सिर पर वार कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मनसाडीह ओपी प्रभारी अरविंद ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मनसाडीह ओपी लाया और मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी रामा खेरवार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि कुंडी गांव में आपसी विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Source link