Last Updated:
CJP Protest New Delhi Live Updates: पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के संसद चलो मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया. प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचा…और पढ़ें

CJP delegation meet JP Nadda
नई दिल्ली. नीट पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP Protest) का संसद मार्च सोमवार को बेहद हिंसक हो गया. पार्लियामेंट स्ट्रीट के पास प्रदर्शनकारियों द्वारा किए गए भारी पथराव में ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सामने आई तस्वीरों में घायल जवानों के सिर और नाक पर पट्टियां बंधी दिखाई दे रही हैं. इस बड़े बवाल और झड़पों के बीच, दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर चल रही उन भ्रामक खबरों का भी खंडन किया है जिनमें सीजेपी चीफ अभिजीत दिपके को हिरासत में लेने का दावा किया जा रहा था; पुलिस ने साफ किया कि वे सुरक्षित मंच पर मौजूद हैं. इस बड़े गतिरोध को सुलझाने के लिए सीजेपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर उन्हें अपना मांग पत्र सौंपा है, जिसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं.
इससे पहले नीट पेपर लीक के खिलाफ सोमवार को राजधानी दिल्ली में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में हजारों की संख्या में युवाओं और छात्रों ने जंतर-मंतर से संसद भवन की तरफ मार्च करने की कोशिश की. इस दौरान प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और उन पर लाठीचार्ज कर दिया. इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने इंटरनेट सेवाओं को भी बंद कर दिया. इस बड़े छात्र आंदोलन को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन से और ज्यादा मजबूती मिली है, जिससे केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और तेज हो गया है.
इस बड़े छात्र आंदोलन को समर्थन देने के लिए कई नामचीन बॉलीवुड हस्तियां और राजनीतिक दल भी आगे आए. आम आदमी पार्टी (AAP) के कई दिग्गज नेता भी सड़कों पर उतरे. दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने जंतर-मंतर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से हाथ मिलाया.
CJP Sansad March Live Updates: प्रदर्शनकारियों से मुलाकात पर बोले जेपी नड्डा, कहा- धरना समाप्त कर सामान्य स्थिति बहाल करने में करें मदद
CJP Sansad March Live Updates: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सीजेपी प्रदर्शनकारियों के डेलिगेशन के साथ हुई बैठक की जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि सुबह 11:50 बजे से ही सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत का सिलसिला जारी रहा. सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस मुलाकात के दौरान पहले मौखिक चर्चा हुई और फिर शाम करीब 4 बजे डेलिगेशन द्वारा लिखित याचिका (मांग पत्र) सौंपी गई. जेपी नड्डा ने सभी प्रदर्शनकारियों से अपना धरना समाप्त करने और दिल्ली में सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए प्रशासन की मदद करने की अपील की है.
CJP Sansad March Live Updates: जंतर-मंतर मार्ग को कराया गया खाली, संसद के आसपास क्यूआरटी तैनात
CJP Sansad March Live Updates: दिल्ली में सीजेपी के संसद मार्च के बाद पुलिस ने जंतर-मंतर और संसद मार्ग के बीच से प्रदर्शनकारियों को पूरी तरह खदेड़कर इलाका खाली करा लिया है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संसद भवन और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों में क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके.
CJP Delegation JP Nadda Meeting: सीजेपी डेलिगेशन की जेपी नड्डा से मुलाकात, सरकार के सामने रखीं ये 3 बड़ी मांगें
CJP Delegation JP Nadda Meeting: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के डेलिगेशन की अहम बैठक हुई, जिसमें संगठन के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास शामिल रहे. मुलाकात के दौरान सीजेपी ने सरकार के सामने प्रमुखता से तीन बड़ी मांगें रखीं. प्रतिनिधिमंडल ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की तुरंत रिहाई, कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का तत्काल इस्तीफा और आत्महत्या करने वाले सभी पीड़ित नीट अभ्यर्थियों के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है. इन मांगों पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करने के लिए कुछ समय मांगा है.
Update:
Me and @SauravDassss are still at Nadda ji’s residence. Nadda ji has requested some time to align with their leadership with regards to our following demands:
– Immediate release of @Wangchuk66
– Dharmendra Pradhan’s resignation
– 1Cr compensation for all NEET aspirants…
— Ashutosh Ranka (@AshutoshRanka) July 20, 2026
CJP Sansad March Live Updates: जेपी नड्डा से मिला सीजेपी का प्रतिनिधिमंडल, सामने आई तस्वीर
CJP Sansad March Live Updates: दिल्ली में जारी भारी विरोध प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की. इस दौरान सीजेपी नेताओं ने उन्हें अपनी मांगों को लेकर एक पत्र भी सौंपा. सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें प्रतिनिधिमंडल के सदस्य केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पत्र सौंपते और उनके साथ बैठक कर चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं.
CJP Sansad March Live Updates: अभिजीत दिपके की हिरासत की खबर झूठी, मंच पर मौजूद हैं सीजेपी चीफ, दिल्ली पुलिस ने दी सफाई
CJP Sansad March Live Updates: दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रही उन खबरों का खंडन किया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया है. आधिकारिक तौर पर यह पूरी तरह साफ कर दिया गया है कि हिरासत में लिए जाने के ये सभी दावे पूरी तरह से झूठे और भ्रामक हैं. अभिजीत दिपके पूरी तरह सुरक्षित हैं और प्रदर्शन स्थल पर मंच पर ही मौजूद हैं.
CJP Sansad March Live Updates: किसी का सिर फूटा तो किसी की नाक… सीजेपी प्रोटेस्ट में घायल पुलिसकर्मी की सामने आई तस्वीर
CJP Sansad March Live Updates: दिल्ली में सीजेपी के संसद मार्च के दौरान हुआ पथराव कितना भयानक था, इसकी गवाही ग्राउंड जीरो से सामने आईं तस्वीरें दे रही हैं. प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई इस हिंसक झड़प में कई जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सामने आई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि ड्यूटी पर तैनात किसी पुलिसकर्मी का सिर फूटा है तो किसी की नाक पर गंभीर चोट आई है और पट्टियां बंधी हुई हैं.
CJP Sansad March Live Updates: संसद मार्च में हुआ पथराव, एक सब-इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल
CJP Sansad March Live Updates: दिल्ली में चल रहा प्रदर्शन अब हिंसक रूप अख्तियार कर चुका है. पार्लियामेंट स्ट्रीट के पास प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसमें एक सब-इनस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं. घायल सब-इंस्पेक्टर ने बताया कि जब वे बैरिकेड्स पर मुस्तैद थे, तभी प्रदर्शनकारियों की तरफ से अचानक उन पर भारी पथराव किया गया.
CJP Sansad March Live Updates: सड़कों पर भारी बवाल के बीच अचानक जेपी नड्डा से मिला प्रतिनिधिमंडल, क्या थमेगा आंदोलन?
CJP Sansad March Live Updates: एक तरफ दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर और संसद मार्ग के बीच से प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने में पूरी ताकत झोंक रही है तो दूसरी तरफ पर्दे के पीछे बातचीत का दौर शुरू हो चुका है. सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस गतिरोध को सुलझाने के लिए सीजेपी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की है. सरकार अब बातचीत के जरिए इस मसले का हल निकालना चाह रही है.