Last Updated:
Palamu News: पलामू के युवा निर्देशक प्रवीण तिवारी की पहली फीचर फिल्म ने रिलीज से पहले ही अलग-अलग फिल्म फेस्टिवल्स में 21 पुरस्कार जीत लिए हैं. फिल्म की शूटिंग पलामू में हुई है और यह मूवी शराबबंदी पर आधारित है. जल्द ही पिक्चर आम दर्शकों के लिए रिलीज की जाएगी.
पलामू. फिल्मों के लिए पलामू की लोकेशन हमेशा से खास रही है. वहीं, इस दुनिया में अब पलामू का नाम भी तेजी से उभर रहा है. यहां की प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ स्थानीय कलाकार और युवा फिल्मकार अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं. इसी कड़ी में पलामू के पाटन प्रखंड के बरसैता गांव निवासी युवा फिल्म निर्देशक प्रवीण तिवारी ने अपनी पहली फीचर फिल्म से बड़ी उपलब्धि हासिल की है. रिलीज से पहले ही उनकी फिल्म देश के विभिन्न फिल्म फेस्टिवल में 21 पुरस्कार जीत चुकी है.
मुंबई से सीखी फिल्म मेकिंग
प्रवीण तिवारी ने लोकल18 को बताया कि अपनी प्रारंभिक शिक्षा पलामू में पूरी करने के बाद मुंबई स्थित फिल्म संस्थान से फिल्म मेकिंग और डायरेक्शन का प्रशिक्षण लिया. इसके बाद उन्होंने अपनी पहली फीचर फिल्म पर काम शुरू किया. वर्ष 2022 में फिल्म की कहानी और विषय पर काम शुरू हुआ, जो 2023 तक चलता रहा. इसके बाद 18 दिसंबर 2023 से फिल्म की शूटिंग शुरू हुई और अप्रैल 2024 तक करीब सात से आठ महीने में अधिकांश शूटिंग पूरी कर ली गई. जिसके बाद पोस्ट प्रोडक्शन का काम पूरा होने के बाद दिसंबर 2024 में फिल्म पूरी तरह तैयार हो गई.
शराबबंदी पर आधारित है कहानी
प्रवीण तिवारी ने आगे बताया कि फिल्म का विषय समाज की एक गंभीर समस्या से जुड़ा है. बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी और उससे जुड़ी घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं. इसी सामाजिक मुद्दे को केंद्र में रखकर फिल्म की कहानी तैयार की गई है. करीब 2 घंटे 49 मिनट की इस फिल्म की कहानी अलग-अलग समय और घटनाओं के साथ आगे बढ़ती है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है. यह पूरी तरह रोमांच और मनोरंजन से भरी है.
पलामू की खूबसूरत वादियों में हुई शूटिंग
उन्होंने बताया कि फिल्म की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसकी पूरी शूटिंग पलामू और लातेहार के विभिन्न स्थानों पर की गई है. नेतरहाट की वादियां, केचकी संगम, पाटन, मेदिनीनगर शहर और आसपास के कई इलाकों को फिल्म में प्रमुखता से दिखाया गया है. प्रवीण तिवारी का कहना है कि पलामू में प्राकृतिक लोकेशन की कोई कमी नहीं है और यहां फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
कब होगी रिलीज
उन्होंने आगे कहा कि चूंकि फिल्म की शूटिंग पलामू में ही हुई है, इसलिए रिलीज भी पलामू के बड़े पर्दे पर होगी. जहां इस फिल्म को पलामू जिले के छहमुहान चौक के समीप स्थित मोहन सिनेमा में रिलीज किया जाएगा. यह फिल्म पहली बार 24 जुलाई 2026 को रिलीज होगी.
स्थानीय कलाकारों को मिला बड़ा मंच
फिल्म में मुख्य भूमिका पलामू निवासी हर्षित तिवारी ने निभाई है, जिन्होंने ‘अक्षय’ का किरदार निभाया है. फिल्म में स्थानीय कलाकारों और तकनीकी टीम को भी अवसर दिया गया है. रिलीज से पहले ही देशभर के विभिन्न फिल्म फेस्टिवल में 21 पुरस्कार जीतने वाली यह फिल्म अब सिनेमाघरों में दर्शकों के बीच पहुंचने को तैयार है. फिल्म से न केवल पलामू के कलाकारों को नई पहचान मिलने की उम्मीद है, बल्कि यह क्षेत्र भविष्य में फिल्म शूटिंग के लिए भी एक नए डेस्टिनेशन के रूप में उभर सकता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें