![]()
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा अधिकारियों के रवैये को लेकर उठाए जा रहे मुद्दों पर कांग्रेस खुलकर उनके समर्थन में आ गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने सोमवार को कहा कि राधाकृष्ण किशोर जिन मुद्दों को उठा रहे हैं, कांग्रेस सौ फीसदी उनके साथ है। उन्होंने कहा कि इन विषयों को कैबिनेट की बैठक में भी उठाया जाएगा। के. राजू ने सोमवार को कांग्रेस भवन में कहा कि अधिकारियों का व्यवहार जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मानजनक होना चाहिए। सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं मिलना लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी राधाकृष्ण किशोर के साथ मजबूती से खड़ी है। यह सिर्फ राधाकृष्ण किशोर का नहीं, बल्कि जनता का मुद्दा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से भी इस मुद्दे पर स्पष्ट रूप से साथ आने की अपील की। के. राजू ने कहा कि राधाकृष्ण किशोर ने जो सवाल उठाए हैं, वे केवल कांग्रेस के किसी एक मंत्री या कैबिनेट के नहीं हैं। पूरा कैबिनेट सम्मान चाहता है। अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों को जो सम्मान मिलना चाहिए, वह नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह बेहद महत्वपूर्ण मुद्दा है और लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों को पूरा सम्मान तथा सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कैबिनेट की गाइडलाइन मौजूद है। केंद्र सरकार की कैबिनेट की भी गाइडलाइन है, जिसका पालन किया जाना चाहिए।
Source link