सिटी रिपोर्टर | बोकारो मंगलवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी अजय नाथ झा ने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के तहत चल रहे कार्यों एवं 22 जुलाई को आयोजित होने वाले तृतीय चरण की बूथ स्तरीय बैठक, चुनाव पाठशाला की जानकारी दी। डीसी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 30 जून से 29 जुलाई तक चल रहे एन्यूमरेशन फेज के अंतर्गत सभी 1,581 मतदान केंद्रों पर तीन चरणों में बैठक की जा रही है। तीसरे चरण की बैठक 22 जुलाई को होगी। इसमें बीएलओ, बीएलए-2, चुनाव पाठशाला के सदस्य, सामान्य मतदाता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अन्य राजनीतिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने नामित बीएलए-2 की उपस्थिति प्रत्येक मतदान केंद्र पर सुनिश्चित कराने का आग्रह किया, ताकि मतदाता सूची के प्रारूप एवं एएसडीडीएफ सूची (मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट, अनुपस्थित/लापता एवं हस्ताक्षर से इनकार करने वाले मतदाताओं) का सत्यापन कर अंतिम रूप दिया जा सके। डीसी ने राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों के शंकाओं का समाधान किया। जिन मतदाताओं से अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए हैं, उनसे तत्काल प्रपत्र प्राप्त कर बीएलओ को उपलब्ध कराने के लिए भी सभी राजनीतिक दल को सहयोग करने को कहा। बैठक में बताया कि मंगलवार तक जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 15,35,267 मतदाताओं में से 14,17,164 (92.31%) गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं तथा 10,72,538 (69.86%) प्रपत्रों का डिजिटलाइजेशन पूरा हो चुका है।
Source link