Last Updated:
देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं की विश्वसनीयता पिछले कुछ वर्षों में लगातार सवालों के घेरे में रही है. मेडिकल से लेकर विश्वविद्यालयों और स्कूल शिक्षा तक कई बड़े विवाद सामने आए. इन घटनाओं के बाद विपक्ष और छात्र संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. सवाल यह उठ रहा है कि आखिर पिछले पांच वर्षों में क्या-क्या हुआ, किन परीक्षाओं पर विवाद हुआ?
neet exam, ugc net, JEE Exam, Dharmendra Pradhan: पांच सालों में किन किन परीक्षाओं पर उठे सवाल.
देश में जब भी किसी बड़ी परीक्षा को लेकर विवाद होता है तो सबसे पहले सवाल उठता है कि आखिर परीक्षा प्रणाली कितनी सुरक्षित है. मेडिकल, इंजीनियरिंग, विश्वविद्यालय और बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े करोड़ों छात्रों के भविष्य पर इन परीक्षाओं का असर पड़ता है. पिछले पांच वर्षों में NEET, UGC-NET, JEE और CBSE को लेकर कई बड़े विवाद सामने आए हालांकि हर विवाद का मतलब पेपर लीक नहीं था. कहीं ग्रेस मार्क्स पर सवाल उठे, कहीं उत्तर कुंजी पर, कहीं तकनीकी गड़बड़ियां हुईं तो कहीं सोशल मीडिया पर फर्जी पेपर लीक की अफवाहें फैलाई गईं.आइए जानते हैं कि पिछले पांच वर्षों में इन चार बड़ी परीक्षाओं को लेकर आखिर क्या-क्या हुआ?
धर्मेंद्र प्रधान कब बने शिक्षा मंत्री?
धर्मेंद्र प्रधान ने 7 जुलाई 2021 को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में शपथ ली. उन्होंने रमेश पोखरियाल ‘निशंक’का स्थान लिया. तब से वे शिक्षा मंत्रालय और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से जुड़ी सभी प्रमुख परीक्षाओं की निगरानी कर रहे हैं.उनके कार्यकाल में नीट जेईई से लेकर सीबीएसई तक के कई मामले में सामने आए जिसको लेकर बवाल मचा हुआ है.
NEET: पांच साल में सबसे बड़ा विवाद 2024 में
NEET देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है. हर साल 20 लाख से ज्यादा छात्र इसमें शामिल होते हैं.2021 में कोविड के बीच परीक्षा हुई.2021 में कोरोना महामारी के कारण परीक्षा की तारीख को लेकर विवाद हुआ. कई छात्रों ने परीक्षा टालने की मांग की और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा हालांकि अदालत ने परीक्षा कराने की अनुमति दे दी. इस साल पेपर लीक की कहीं से कोई सूचना नहीं आई.2022 में परीक्षा के बाद कई छात्रों ने उत्तर कुंजी और कुछ सवालों पर आपत्ति दर्ज कराई. कुछ राज्यों में अनियमितताओं के आरोप लगे लेकिन पेपर लीक की पुष्टि नहीं हुई.2023 में भी उत्तर कुंजी, परीक्षा केंद्र और कुछ प्रश्नों को लेकर शिकायतें सामने आईं हालांकि कोई बड़ा राष्ट्रीय विवाद नहीं हुआ और परीक्षा प्रक्रिया सामान्य रही.
2024: अब तक का सबसे बड़ा संकट
2024 NEET इतिहास का सबसे विवादित साल साबित हुआ.बिहार और झारखंड से प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप सामने आए. बिहार पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया और बाद में मामला CBI को सौंप दिया गया.NTA ने 1,563 छात्रों को समय की कमी के आधार पर ग्रेस मार्क्स दिए. इसके बाद कई छात्रों के अंक 720 तक पहुंच गए और 67 छात्रों को AIR-1 मिलने पर देशभर में विवाद शुरू हो गया. यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया.सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान माना कि कुछ केंद्रों पर गड़बड़ियां हुई थीं, लेकिन पूरे देश में परीक्षा दोबारा कराने लायक सिस्टमिक फेल्यो साबित नहीं हुआ इसलिए राष्ट्रीय स्तर पर री-एग्जाम नहीं कराया गया.2024 विवाद के बाद साल 2025 में सुरक्षा बढ़ाई गई. परीक्षा प्रक्रिया में कई नए सुरक्षा उपाय लागू किए गए और 2025 में 2024 जैसी कोई राष्ट्रीय स्तर की पुष्टि वाली पेपर लीक घटना सामने नहीं आई.
UGC-NET: 2024 में पहली बार पूरी परीक्षा रद्द
UGC-NET विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए आयोजित की जाती है.2021 में यह परीक्षा कोविड के कारण देर से हुई.महामारी की वजह से परीक्षा कई बार टली. दिसंबर 2020 और जून 2021 सत्र को मिलाकर संयुक्त परीक्षा आयोजित की गई.2022 में उत्तर कुंजी को लेकर विवाद की स्थिति बन गई.उत्तर कुंजी, परीक्षा तिथि और परीक्षा केंद्रों को लेकर शिकायतें आईं. विशेषज्ञ समिति ने समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी की.2023 में कुछ छात्रों ने परीक्षा कार्यक्रम और तकनीकी दिक्कतों की शिकायत की, लेकिन कोई बड़ा सुरक्षा विवाद सामने नहीं आया.
2024: परीक्षा के अगले दिन रद्द
18 जून 2024 को परीक्षा हुई और 19 जून को शिक्षा मंत्रालय ने पूरी परीक्षा रद्द कर दी.गृह मंत्रालय के इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (Indian Cyber Crime Coordination Centre,I4C) से मिले इनपुट के आधार पर परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठे और मामला CBI को सौंपा गया.बाद में CBI जांच में कथित डिजिटल सबूतों में छेड़छाड़ की बात सामने आई, लेकिन सरकार ने परीक्षा दोबारा कराई.UGC-NET दोबारा अगस्त-सितंबर 2024 में CBT मोड में आयोजित की गई.2025 में परीक्षा सामान्य तरीके से हुई और कोई बड़ा विवाद सामने नहीं आया.
JEE: पेपर लीक नहीं, लेकिन कई दूसरे विवाद
JEE Main और JEE Advanced देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाएं हैं.2021 में फर्जी उम्मीदवार गिरोह का पर्दाफाश हुआ.असम पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का खुलासा किया जिसने असली छात्रों की जगह दूसरे लोगों से परीक्षा दिलवाई.इस दौरान पेपर लीक का मामला सामने नहीं आया.2022 में तकनीकी दिक्कतें आईं.कई परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर हैंग होने, सर्वर धीमा होने और समय खराब होने की शिकायतें सामने आईं. उत्तर कुंजी पर भी सवाल उठे.2023 में जेईई को लेकर नॉर्मलाइजेशन विवाद उठा.अलग-अलग शिफ्टों के कठिनाई स्तर और परसेंटाइल सिस्टम को लेकर छात्रों ने सवाल उठाए.2024 में NEET विवाद के बाद JEE की सुरक्षा व्यवस्था भी चर्चा में रही. कई छात्रों ने शिफ्टों की कठिनाई और परीक्षा संचालन को लेकर शिकायत की, लेकिन पेपर लीक की पुष्टि नहीं हुई.साल 2025 में परसेंटाइल पर सवाल उठे.JEE Main Session-2 के परिणाम आने के बाद कई छात्रों ने स्कोर और परसेंटाइल के बीच अंतर को लेकर सवाल उठाए.
CBSE: सबसे ज्यादा अफवाहें, लेकिन आधिकारिक पेपर लीक नहीं
CBSE देश का सबसे बड़ा स्कूल शिक्षा बोर्ड है.2021 में दो टर्म में परीक्षाएं आयोजित की गईं.इस दौरान कई विवादित प्रश्न भी चर्चा में रहे.कोविड के बाद पहली बार दो टर्म में परीक्षा हुई.इसी साल कक्षा 12 समाजशास्त्र के प्रश्नपत्र में गुजरात दंगों से जुड़े सवाल पर विवाद हुआ. वहीं कक्षा 10 अंग्रेजी के एक पैसेज को महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक बताकर विरोध हुआ. CBSE ने उस पैसेज के पूरे अंक देने का फैसला किया.2022 में कठिन प्रश्नों को लेकर बहस हुई.टर्म-2 परीक्षा में कई छात्रों ने प्रश्नों के कठिन होने और उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराई.2023 में फर्जी पेपर लीक की सूचना वायरल हुई.सोशल मीडिया पर कई नकली प्रश्नपत्र और फर्जी वेबसाइटें सामने आईं. CBSE ने छात्रों को केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करने की सलाह दी.2024 में सोशल मीडिया पर कथित पेपर लीक के कई दावे वायरल हुए लेकिन CBSE ने सभी को फर्जी बताया. इसी दौरान NCERT की किताबों में बदलाव को लेकर भी बहस हुई.2025 में फिर नकली पेपर वायरल हुए.Telegram, YouTube और Facebook पर कथित पेपर लीक के दावे सामने आए. CBSE ने इन्हें पूरी तरह निराधार बताया और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी.
About the Author
न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. न्यूज 18 में एजुकेशन, करियर, सक्सेस स्टोरी पर काम करते हैं. करीब 16 साल से अधिक मीडिया में सक्रिय है. दै…
और पढ़ें