भास्कर न्यूज | गिरिडीह मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत संचालित सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना के तहत गिरिडीह शहर के दिशा स्किल सेंटर में शनिवार को प्लेसमेंट ड्राइव सह प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कलाकृति स्किल सेंटर के प्रशिक्षुओं ने भी भाग लिया। दोनों संस्थानों के संयुक्त प्रयास से 90 युवतियों का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के लिए हुआ, जबकि प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 120 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं, नौकरी के लिए बाहर जाने में असमर्थ दो महिला अभ्यर्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क सिलाई मशीनें दी गईं। ड्राइव में स्वास्थ्य (हेल्थकेयर) और वस्त्र (अपैरल) क्षेत्र की कंपनियों ने अवसर दिए। कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के दीपक पांडे ने युवाओं से निःशुल्क कौशल विकास योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। दिशा स्किल सेंटर के सेंटर मैनेजर पवन वर्मा ने कहा कि 18 से 35 वर्ष के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनना चाहिए। मौके पर दोनों केंद्रों के प्रशिक्षक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
Source link