भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

हजारीबाग में हाथी के हमले में वृद्ध की मौत:लोगों में दहशत, वन...




हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना क्षेत्र के बेडमक्की गांव में शुक्रवार सुबह हाथियों के हमले में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान 71 वर्षीय शंकर पंडित, पिता स्व. दुलार पंडित के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शंकर पंडित शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान उनका सामना जंगली हाथियों के झुंड से हो गया। हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। उसी ओर शौच के लिए निकले ग्रामीण रघु पंडित ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मुखिया प्रतिनिधि सीताराम पंडित को दी। सीताराम पंडित ने चलकुशा थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार पांडेय और वन विभाग को घटना से अवगत कराया। पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची सूचना मिलते ही चलकुशा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारी राकेश सिंह और उनकी टीम ने पीड़ित परिवार को तत्काल एक लाख रुपए की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की। विभाग ने बताया कि शेष मुआवजे की राशि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। चलकुशा थाना प्रभारी ने घटनास्थल पर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बरही भेज दिया। घटना के बाद जिला परिषद सदस्य सविता सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि दीपक चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को सरकार से नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। यह हाथियों द्वारा हमले में मौत की पहली घटना नहीं है। इससे पहले इसी वर्ष 1 मार्च को चौबे निवासी बद्री चौधरी की भी हाथियों के हमले में मौत हो गई थी। दो वर्ष पूर्व बेडमक्की गांव में ही हाथी की चपेट में आने से पति-पत्नी की जान चली गई थी।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top