भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

अभी खत्‍म नहीं होने वाली है आफत, केरल से छत्‍तीसगढ़ तक तबाही,...


IMD Weather Today: बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन की वजह से मानसून लगातार मजबूत बना हुआ है. देश के कई हिस्‍सों में हो रही मूसलाधार बारिश से आम जनजीवन पटरी से उतर गया है. केरल, गुजरात, असम जैसे राज्‍य सबसे ज्‍यादा प्रभावित हैं. केरल के कई जिलों में 1 अगस्‍त को भी भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया था. IMD ने दक्षिण भारत के इस प्रदेश के कुछ जिलों में 2 अगस्‍त रविवार के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्‍टम की वजह से मध्‍य भारत में भी तेज बारिश हो रही है. खासकर छत्‍तीसगढ़ में हालात बेहद खराब हैं. गुजरात और असम में लगातार हो रही बारिश की वजह से लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल बारिश का दौर जारी रहने वाला है. दिल्‍ली-एनसीआर में भी आधी रात के बा‍द हल्‍की बारिश रिकॉर्ड की गई है.

केरल और छत्‍तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचाई. लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में भूस्खलन, निचले क्षेत्रों में जलभराव और नदियों तथा बांधों का जलस्तर बढ़ गया. मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में 6 लोगों की मौत हुई है. इनमें से चार लोगों की जान इडुक्की और कोट्टायम जिलों में अलग-अलग भूस्खलन की घटनाओं में गई. अधिकारियों के मुताबिक, 6 लापता लोगों की तलाश जारी है. NDRF, फायर एंड रेस्क्यू सर्विस, पुलिस, तटरक्षक बल, स्थानीय प्रशासन और स्थानीय लोग संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चला रहे हैं. राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए 65 राहत शिविर स्थापित किए हैं, जहां 1,465 लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है. भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, राज्य में बारिश से 17 मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए, जबकि 127 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है. वहीं, छत्‍तीसगढ़ के अबूझमाड़ इलाके में बाढ़ की चपेट में आने से 2 युवतियों की मौत हो गई, जबकि 50 घरों को भी नुकसान पहुंचा है.

IMD का रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई राज्यों के लिए तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. IMD ने केरल और गुजरात के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित करते हुए लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है. आईएमडी के अनुसार, केरल के अलप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोट्टायम और पथानमथिट्टा जिलों में गरज-चमक के साथ लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक की दर से भारी बारिश होने की संभावना है. इसी तरह गुजरात के अहमदाबाद, आनंद, अरावली, भरूच, भावनगर, बोटाद, गांधीनगर, कच्छ, खेड़ा, महेसाणा, मोरबी, पाटन, साबरकांठा, सुरेंद्रनगर और वडोदरा समेत कई जिलों में भी इसी प्रकार का रेड अलर्ट जारी किया गया है.

इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने केरल के कन्नूर, कासरगोड, कोल्लम, कोझिकोड, लक्षद्वीप, मलप्पुरम, पलक्कड़, तिरुवनंतपुरम, त्रिशूर और वायनाड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और 5 से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे की दर से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. गुजरात के अमरेली, बनासकांठा, छोटा उदयपुर, दादरा एवं नगर हवेली, दाहोद, दमन, डांग, देवभूमि द्वारका, दीव, गिर सोमनाथ, जामनगर, जूनागढ़, महिसागर, नर्मदा, नवसारी, पंचमहल, पोरबंदर, राजकोट, सूरत, तापी और वलसाड जिलों को भी ऑरेंज अलर्ट के दायरे में रखा गया है. इसके अलावा महाराष्ट्र के नंदुरबार तथा असम के कछार, जोरहाट और लखीमपुर जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की गई है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top