भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

बीएसएल में 91 पीएमआईएस इंटर्न्स के लिए प्रशिक्षण शुरू




सिटी रिपोर्टर | बोकारो भारत सरकार की प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) में तृतीय चरण के तहत 91 इंटर्न्स का व्यावहारिक कौशल प्रशिक्षण शुरू हो गया है। इंटर्न्स को संयंत्र के विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी विभागों में पदस्थापित किया गया है, जहां वे वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में औद्योगिक कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक, सुरक्षा मानकों और व्यावसायिक दक्षताओं का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। योजना के तहत नौ माह तक प्रत्येक इंटर्न को प्रतिमाह ₹9,000 स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जिसका वहन भारत सरकार और बीएसएल संयुक्त रूप से कर रहे हैं। चयनित प्रशिक्षुओं में आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक तथा 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हैं। उन्हें मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फिटर, वेल्डर, टर्नर, मशीनिस्ट, सिविल, इंस्ट्रूमेंटेशन, पीएलसी लैब, पावर डिस्ट्रीब्यूशन, मेटलर्जी, लॉजिस्टिक्स, मानव संसाधन, कोपा, हाइड्रोलिक्स और सिरेमिक इंजीनियरिंग सहित कई क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव मिल रहा है। इंटर्न्स ने इस योजना को अपने करियर के लिए बेहद उपयोगी बताया। श्वेता शर्मा ने कहा कि बीएसएल का व्यावहारिक अनुभव उनके व्यक्तित्व और पेशेवर विकास में सहायक होगा। आयुष कुमार शर्मा ने स्टाइपेंड को आर्थिक संबल और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया, जबकि मनीषा कुमारी ने प्रशासनिक अनुभव को भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। गौतम कुमार हांसदा, गणेश केरकेट्टा और ऋषि कुमार सिंह ने भी प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। बीएसएल के अनुसार यह योजना युवाओं के कौशल विकास के साथ उन्हें उद्योग जगत के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top