Last Updated:
Lady Finger Cultivation Profit: बोकारे के किसान सहदेव महतो ने 50 डिसमिल जमीन पर भिंडी की खेती कर करीब 1 लाख रुपये कमाए, जिसमें 90 हजार शुद्ध मुनाफा है. आज उनकी सफलता दूसरे किसानों के लिए प्रेरणा बन गई है. सहदेव का कहना है कि कुछ बातों का ध्यान रखकर आप भी भिंडी से मोटी कमाई कर सकते हैं.
बोकारो. बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड के ओसमा गांव के किसान सहदेव महतो ने महज 50 डिसमिल जमीन में भिंडी की खेती कर एक लाख रुपये की मोटी आमदनी की है और उनकी यह सफलता अब स्थानीय किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है. खास बातचीत में किसान सहदेव महतो ने बताया कि वह पेशेवर किसान हैं. बचपन से ही उन्होंने अपने पिता और दादा को खेती करते देखा है. परिवार की इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने भी सब्जियों की खेती को अपना व्यवसाय बनाया और मौसम के अनुसार विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती कर कई गुना फायदा कमा रहे हैं और परिवार की देखभाल कर रहे हैं.
लंबे समय तक होती है आमदनी
सहदेव महतो ने आगे बताया कि जून महीने में उन्होंने 50 डिसमिल जमीन पर भिंडी की बुवाई की थी. किस्म और मौसम के अनुसार भिंडी की फसल करीब 45 से 60 दिनों में तैयार हो जाती है और फसल तैयार होने के बाद किसान लगभग दो महीने तक लगातार भिंडी की तुड़ाई कर सकते हैं. इससे किसानों को एक साथ नहीं, बल्कि लंबे समय तक आमदनी होती है. 50 डिसमिल जमीन पर भिंडी की खेती करने में करीब 10 हजार रुपये की लागत आती है और पूरे सीजन में इससे लगभग 50 से 70 क्विंटल तक उत्पादन पाया जा सकता है.
कितनी लागत, कितना मुनाफा
फिलहाल स्थानीय हाट-बाजार में भिंडी करीब 20 से 30 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है और सहदेव अपनी अधिकांश सब्जियां पेटरवार हाट में बेचते हैं. ऐसे में 50 क्विंटल भिंडी का औसत उत्पादन पर बाजार भाव 20 रुपये प्रति किलो रहता है, तो किसान को लगभग एक लाख रुपये की आमदनी हो सकती है और करीब 10 हजार रुपये की लागत घटाने के बाद भी लगभग 90 हजार रुपये तक का शुद्ध मुनाफा कमा रहे हैं.
भिंडी से अच्छी कमाई हो सकती है
आखिर में सहदेव ने किसानों को सलाह दी है कि भिंडी की खेती में कीट लगने और फल के टेढ़े होने जैसी समस्याएं अक्सर सामने आती हैं. इन समस्याओं से फसल को बचाने के लिए समय-समय पर जरूरी दवाओं का छिड़काव और खेत की निगरानी करना जरूरी है. इसके अलावा सही समय पर बुवाई, नियमित देखभाल, उचित सिंचाई और आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर किसान भिंडी की खेती से बेहतर पैदावार और अच्छी आमदनी हासिल कर सकते हैं.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें