![]()
भास्कर न्यूज | चतरा जेपीएससी की परीक्षा में कथित गड़बड़ी के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चतरा इकाई के कार्यकर्ताओं ने शहर में मशाल जुलूस निकालकर विरोध-प्रदर्शन किया। परिषद नेता रोहित पांडेय के नेतृत्व में निकाला गया यह जुलूस गौरक्षणी स्थित परिषद कार्यालय से प्रारंभ हुआ और शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों के साथ न्याय करने की मांग की।मशाल जुलूस में शामिल कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल और तख्तियां लेकर राज्य सरकार तथा जेपीएससी के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। परिषद नेताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में यदि पारदर्शिता और निष्पक्षता नहीं होगी तो लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा। परीक्षा प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों में भारी असंतोष है। परिषद नेता रोहित पांडेय ने कहा कि मेहनत और प्रतिभा के आधार पर सफलता पाने वाले युवाओं के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेपीएससी परीक्षा से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि सरकार और आयोग इस मामले में उचित कदम नहीं उठाते हैं तो विद्यार्थी परिषद राज्यव्यापी आंदोलन को और तेज करेगी। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया। मौके पर परिषद के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
Source link