![]()
भास्कर न्यूज | कोडरमा प्रखंड के बासोडीह बाजार में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग और टोबैको कंट्रोल सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 25 खाद्य प्रतिष्ठानों और फूड स्टॉलों की जांच की। जांच के दौरान कई दुकानों और ठेलों पर मिलावटी एवं अखाद्य रंग से तैयार खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने का सख्त निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान पैकेज्ड और डिब्बाबंद खाद्य सामग्रियों की जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि और निर्माता का पूरा पता सुनिश्चित करने के बाद ही खाद्य सामग्री की बिक्री करें। नियमों के उल्लंघन पर निर्माता और विक्रेता दोनों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।जांच के दौरान कई फूड स्टॉलों पर चाट, छोले और चटनी में कपड़ा रंगने में इस्तेमाल होने वाले कैंसर कारक औद्योगिक अखाद्य रंग का उपयोग पाया गया। इसके बाद संबंधित खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया। किराना दुकानों में खुली हल्दी, नमकीन, डिब्बाबंद लड्डू और बर्फी की जांच में भी अखाद्य रंग की मिलावट सामने आई। टीम ने करीब 10 किलोग्राम मिलावटी लड्डू और बर्फी नष्ट कराई, जबकि एक दुकान से लगभग 30 किलोग्राम मिलावटी हल्दी जब्त कर नष्ट की गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बिना फूड लाइसेंस कारोबार कर रहे दुकानदारों को जल्द लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया। साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और फूड स्टॉल संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने, केवल एफएसएसएआई प्रमाणित फूड कलर का निर्धारित मात्रा में उपयोग करने तथा पनीर, खोआ और अन्य खाद्य सामग्री लाइसेंसधारी प्रतिष्ठानों से बिल के साथ खरीदने की हिदायत दी गई। जांच दल ने स्पष्ट किया कि अगली जांच में निर्देशों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत जुर्माना सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अभिषेक आनंद, उमेश कुमार, जिला परामर्शी दीपेश कुमार, सतगावां थाना के पुलिसकर्मी तथा खाद्य सुरक्षा कार्यालय के अन्य कर्मी शामिल रहे।
Source link