Last Updated:
Amarinder Singh on Rahul Gandhi Uncle Statement: राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम सेशन में पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को बीजेपी में अपना पसंदीदा नेता और कूल अंकल बताया. इस पर कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि गांधी परिवार से उनके पारिवारिक और निजी संबंध हमेशा रहेंगे लेकिन राजनीतिक रूप से वे बीजेपी के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. वहीं बीजेपी ने तंज कसा कि पंजाब कांग्रेस में कलह के कारण राहुल को अमरिंदर याद आ रहे हैं.
गांधी परिवार संग कैप्टन के निजी रिश्ते रहे हैं.
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच दूरियों के बाद भी एक-दूसरे के प्रति आदर और पारिवारिक जुड़ाव का अनूठा कूटनीतिक मंजर देखने को मिला है. राहुल गांधी द्वारा भारतीय जनता पार्टी में कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा नेता बताए जाने के बाद सियासी गलियारों में नई चर्चा छिड़ गई है. राहुल के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साफ किया कि गांधी परिवार के साथ उनके निजी और पारिवारिक संबंध हमेशा बने रहेंगे लेकिन राजनीतिक रूप से वह पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रति समर्पित हैं.
इन्स्टाग्राम के ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन में बोले राहुल गांधी
युवाओं और जेन-जी से जुड़ने की कोशिश के तहत राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर एक आस्क मी एनीथिंग सेशन आयोजित किया था. इसी दौरान बीजेपी नेताओं से जुड़े एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा, “मेरी उनसे अच्छी बनती है; वह कूल हैं. वह सैन्य इतिहास के विशेषज्ञ हैं. हैलो, अंकल अमरिंदर!” राहुल के इस अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.
राजीव गांधी के दोस्त रहे हैं कैप्टन, बोले- निजी और राजनीतिक रिश्ते अलग
राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुशी जाहिर की. उन्होंने याद दिलाया कि वह राहुल और प्रियंका गांधी को बचपन से जानते हैं और उनके पिता व पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी उनके सहपाठी और गहरे दोस्त थे. कैप्टन ने कहा कि दुनिया भर में निजी रिश्ते राजनीतिक प्रतिबद्धताओं से अलग होते हैं. अपनी मां महारानी मोहिंदर कौर का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 1980 में जब वह कांग्रेस सांसद थे, तब उनकी मां विपक्षी पार्टी की सांसद थीं, फिर भी उनके पारिवारिक रिश्ते मजबूत थे.
पंजाब बीजेपी का तंज: ‘डूबता जहाज है कांग्रेस’
राहुल गांधी के इस बयान पर पंजाब बीजेपी के वरिष्ठ प्रवक्ता प्रीतपाल सिंह बलियावाल ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि 2021 में जब कैप्टन अमरिंदर सिंह को कांग्रेस छोड़ने पर मजबूर किया गया था, तब राहुल को वह कूल या अंकल नहीं लगते थे. बलियावाल ने तंज कसते हुए कहा कि आज जब पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह चरम पर है और पार्टी एक डूबता हुआ जहाज बन चुकी है, तब राहुल को कैप्टन साहब की याद आ रही है.
‘अमरिंदर को कांग्रेस नहीं छोड़नी चाहिए थी’
दूसरी ओर, कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह ने माना कि दोनों परिवारों के बीच गहरे संबंध रहे हैं. उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह एक सम्मानित नेता हैं और अगर वे पार्टी में रहते तो एक पिता-समान मार्गदर्शक की भूमिका निभाते, जिनसे हर कोई सलाह लेता. बता दें कि 2017 में कांग्रेस को पंजाब में सत्ता में लाने वाले अमरिंदर सिंह ने 2021 की अंदरूनी कलह के बाद मुख्यमंत्री पद व पार्टी छोड़ दी थी और बाद में अपनी पार्टी का विलय बीजेपी में कर लिया था.
About the Author
पत्रकारिता में 16 वर्षों से अधिक का सुदीर्घ अनुभव रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर होम पेज पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. जटिल और सामरिक विषयों को बेहद सरल भाषा में पाठकों त…
और पढ़ें