![]()
कोडरमा जिले के सदर थाना क्षेत्र में दिबौर स्थित कोडरमा घाटी में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बिहार की ओर जा रहा सीमेंट लदा एक अनियंत्रित ट्रक ढलान पर पहुंचते ही अपना संतुलन खो बैठा। तेज रफ्तार में आए इस ट्रक ने पहले सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक को जोरदार टक्कर मारी। जिसके बाद वह सड़क किनारे बनी दो दुकानों में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों दुकानें पूरी तरह ध्वस्त हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दुकान में सो रहे व्यक्ति का पैर टूटा हादसे में 40 वर्षीय कन्हाई सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कन्हाई सिंह दुकान के अंदर सो रहे थे। तभी ट्रक की टक्कर से दीवार उनके ऊपर गिर गई। उनके पैर में गंभीर चोट आई, जिससे उनका पैर टूट गया। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, ट्रक के चालक और उपचालक को भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। दुकानदार को हुआ लाखों का नुकसान दुकान मालिक सीताराम राणा ने बताया कि इस दुर्घटना में उनकी दुकान के साथ-साथ बगल में स्थित कारु साव की दुकान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुकानों में रखे फ्रिज, काउंटर, रैक और खाद्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई है। राणा के अनुसार, उन्हें करीब 3 लाख रुपए और कारु साव को लगभग 2 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। दोनों दुकानदारों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। इधर सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस और सड़क सुरक्षा कर्मी सागर गिरी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गई है। प्रशासन की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
Source link