![]()
पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र स्थित देवगन डैम के किनारे मिले धर्मेंद्र राम के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मछली के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में धर्मेंद्र को उसके दो साथियों ने डैम में धक्का दे दिया था, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान देवगन निवासी अशोक पासवान (48) और देवगन के तिलहरवा टोला निवासी सुदेश भुइंया (56) के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि धर्मेंद्र राम का शव 1 अगस्त को देवगन डैम के पास से बरामद किया गया था। मृतक की पत्नी रानी देवी के लिखित आवेदन पर छतरपुर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को घटना में अशोक पासवान और सुदेश भुइंया की संलिप्तता का पता चला, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, तीनों दोस्त जाल लेकर डैम में मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान जाल लगाने और मछली के बंटवारे को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर अशोक पासवान और सुदेश भुइंया ने धर्मेंद्र को धक्का दे दिया, जिससे वह अनियंत्रित होकर पानी में गिर गया। आरोपी मौके से चले गए, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद उन्हें धर्मेंद्र की चिंता हुई। वे वापस डैम के पास पहुंचे। धर्मेंद्र के दिखाई न देने पर अशोक पानी में उतरा और उसे पानी के अंदर खोज निकाला। दोनों ने मिलकर धर्मेंद्र को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दोनों आरोपी डर गए और वहां से फरार हो गए। उन्होंने एक-दूसरे से घटना की जानकारी किसी को न देने की बात कही और अपने-अपने घर जाकर सो गए। पुलिस ने अनुसंधान के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
Source link