जय श्रीराम समिति की एक बैठक शनिवार को हटिया गार्डन स्थित जिला कार्यालय में जिला संरक्षक परमेश्वर साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 10 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य बाइक कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के पदाधिकारियों ने यात्रा को सफल व ऐतिहासिक बनाने के लिए आवश्यक रणनीति पर विचार-विमर्श किया। वहीं कोर कमेटी सदस्य शैलेश कुमार कुशवाहा और जिला संरक्षक परमेश्वर साहू ने जिले के सभी सनातन धर्मावलंबियों से अपील करते हुए कहा कि 10 अगस्त को आयोजित होने वाली भव्य बाइक कांवड़ यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का परिचय दें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोहरदगा थाना प्रभारी रत्नेश ठाकुर होंगे। नगर अध्यक्ष दीपक साहू ने कहा कि बाइक कांवड़ यात्रा को लेकर युवाओं के साथ-साथ महिलाओं और बुजुर्गों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि यात्रा में नगर से लेकर प्रखंडों के हजारों की संख्या में मोटरसाइकिलों के शामिल होने की संभावना है जिसकी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को दुर्गा बाड़ी से सुबह साढ़े आठ बजे से यात्रा शुरू होगी। वहीं सेन्हा प्रखंड स्थित गड़गांव महादेव मंडा में सामूहिक जलाभिषेक व भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं समिति ने सभी सरना सनातन श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में बाइक कांवड़ यात्रा में शामिल होने की अपील की। मौके पर जिला संरक्षक सुषमा सिंह, लक्ष्मी नारायण भगत, अजय सोनी, अनूप गुप्ता, ओम महतो, बजरंग करवा, अनुज कुमार, विक्की कसेरा, उपेंद्र कुशवाहा, गणेश साहू, विपिन वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
Source link