बीएनटी सेंट मेरी स्कूल गढ़वा में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से सजाया गया था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा परिसर देशभक्ति के नारों एवं गीतों से गूंजता रहा। समारोह की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि सह विद्यालय निदेशक उमाकांत तिवारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च-पास्ट किया। कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों से वातावरण में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया। इस वर्ष समारोह में राष्ट्रगीत वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का विशेष संदर्भ भी देखने को मिला। विद्यार्थियों को इसके ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम गायन से कर राष्ट्रभक्ति एवं मातृभूमि के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया। समारोह में विद्यालय सचिव संचिता तिवारी भी उपस्थित थी।
Source link