![]()
पलामू पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार एवं सफाया’ के तहत पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 508 ग्राम अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के बोरोदिरी टोला खांखर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास छापेमारी की गई। इस दौरान संदिग्ध स्थिति में मौजूद दो व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनकी तलाशी लेने पर उनके पास से अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल यादव (40) और जयश्री यादव (50) के रूप में हुई है। ये दोनों पांकी थाना क्षेत्र के हेडूम गांव के निवासी हैं। इस मामले में पिपराटांड़ थाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कांड दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार एवं सफाया’ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज (पांकी) के साथ पिपराटांड़ थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।
Source link