Last Updated:
Peanut Farming: बोकारो के किसान युवराज महतो पारंपरिक खेती छोड़कर मूंगफली उगा रहे हैं और अच्छी कमाई कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि यह फसल 3 से 4 महीने में तैयार हो जाती है. 70 डिसमिल जमीन में 10 हजार का खर्च आया और सारी खर्च काटकर शुद्ध मुनाफा 60 हजार तक हो जाता है.
बोकारो. बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड के अंबाडीह गांव के किसान युवराज महतो पारंपरिक खेती से अलग हटकर मूंगफली की खेती कर अच्छी आमदनी कर रहे हैं. करीब 70 डिसमिल जमीन में मूंगफली की खेती कर वह न केवल अपनी आय बढ़ा रहे हैं, बल्कि आसपास के किसानों को भी नकदी फसल की खेती के लिए प्रेरित कर रहे हैं. लोकल 18 से खास बातचीत में किसान युवराज महतो ने बताया कि वह पिछले 15 से 20 वर्षों से मूंगफली की खेती कर रहे हैं और खेती-बाड़ी की प्रेरणा उन्हें अपने बाप-दादा से मिली.
उन्हीं से प्रेरित होकर उन्होंने खेती को ही अपना पेशा बनाने का फैसला किया. इसके बाद धीरे-धीरे उन्होंने पारंपरिक फसलों के साथ नकदी फसलों की खेती पर भी ध्यान देना शुरू किया और आज इससे अच्छी कमाई कर रहे हैं. दरअसल पारंपरिक फसलों की खेती से वैसा लाभ नहीं होता था लेकिन नकदी फसलें अच्छी कमाई कराती हैं.
3 से 4 महीने में तैयार हो जाती है मूंगफली
आगे किसान युवराज ने बताया कि जून महीने की शुरुआत में करीब 70 डिसमिल जमीन में मूंगफली की बुआई की थी और किस्म के अनुसार मूंगफली की फसल करीब तीन से चार महीने में तैयार हो जाती है. 70 डिसमिल जमीन में मूंगफली की खेती करने में करीब 10 हजार रुपये की लागत आई है.
इस क्षेत्रफल से लगभग 20 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त हो जाता है. बाजार में मूंगफली की औसत कीमत करीब 35 रुपये प्रति किलो मिलने पर 20 क्विंटल की उपज से लगभग 70 हजार रुपये की आमदनी हो जाती है. इस हिसाब से करीब 10 हजार रुपये लागत घटाने के बाद लगभग 60 हजार रुपये तक शुद्ध मुनाफा कमा सकते हैं.
उन्नत किस्म का चुनाव जरूरी
आखिर में किसान युवराज ने सलाह दी है कि मूंगफली की खेती के लिए अच्छी गुणवत्ता और बड़े दाने वाली उन्नत किस्म के बीज का चुनाव करना चाहिए और जून और बरसात की शुरुआत का समय मूंगफली की बुआई के लिए उपयुक्त माना जाता है. क्योंकि इस दौरान मिट्टी में पर्याप्त नमी रहने से सिंचाई की जरूरत कम पड़ती है और फसल को शुरुआती बढ़वार में भी फायदा मिलता है. छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखेंगे तो मूंगफली बोकर कम समय और लागत में अच्छी कमाई कर सकते हैं.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…
और पढ़ें