Last Updated:
Hair Care Tips: जमुई की ब्यूटिशियन गौरी कुमारी के अनुसार, मेथी का पानी सभी तरह के बालों के लिए नेचुरल कंडीशनर का काम करता है. यह रूखे और बेजान बालों को मुलायम व चमकदार बनाता है. इसे शैंपू के बाद, स्प्रे के रूप में या आंवले के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जा सकता है.
जमुई: अगर आपके बाल रूखे और बेजान हो गए हैं, और अपने बालों को मुलायम और चमकदार बनाए रखना चाहते हैं. तो इसके लिए आपको किसी भी महंगे शैंपू या कंडीशनर की आवश्यकता नहीं है. आप घर पर ही मेथी के पानी का इस्तेमाल कर अपने बालों की देखभाल कर सकते हैं.
जमुई जिले की ब्यूटिशियन गौरी कुमारी बताती हैं कि इसके लिए आप एक से दो चम्मच मेथी दाना रातभर एक गिलास पानी में भिगोकर रख दें. सुबह इसे अच्छी तरह छान लें और बालों को शैंपू करने के बाद इस पानी को स्कैल्प और बालों पर धीरे-धीरे डाल सकते हैं. कुछ देर इसे बालों में रहने दें और फिर सादे पानी से धो लें. आप इसे सप्ताह में एक से दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं. उन्होंने बताया कि मेथी का पानी बालों को मुलायम महसूस कराने और रूखेपन को कम करने में मदद कर सकता है. खासकर अगर आपके बाल धोने के बाद बहुत ज्यादा सूखे या बेजान लगते हैं तो आप इसे इस्तेमाल कर सकते हैं.
इसका स्प्रे भी आयेगा आपके काफी काम
गौरी ने बताया कि आप मेथी के पानी का स्प्रे बनाकर भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए रातभर भिगोई गई मेथी को सुबह छानकर पानी को साफ स्प्रे बोतल में भर लें. अब आप इस पानी को बालों और स्कैल्प पर हल्का-हल्का स्प्रे कर सकते हैं. इसे कुछ देर रहने देने के बाद बालों को सादे पानी से धो लें. आपके बाल अगर रूखे और बेजान हैं तो मेथी का पानी बालों में हल्की नमी बनाए रखने में मदद कर सकता है, जिससे बाल मुलायम हो जाएंगे.
आंवले के साथ भी कर सकते हैं इस्तेमाल
गौरी ने बताया कि आप चाहें तो मेथी के पानी में आंवला मिलाकर भी बालों के लिए घरेलू पैक तैयार कर सकते हैं. इसके लिए रातभर भिगोई गई मेथी के पानी को छान लें और उसमें थोड़ी मात्रा में आंवला पाउडर मिला लें. इस मिश्रण को आप बालों और स्कैल्प पर करीब 15 से 20 मिनट तक लगा सकते हैं और इसके बाद अच्छी तरह बाल धो लें. गौरी कुमारी बताती हैं कि आंवले में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट यौगिक बालों और स्कैल्प की सामान्य देखभाल में मदद कर सकते हैं, जबकि मेथी का पानी बालों को मुलायम महसूस कराने में सहायक हो सकता है. आप इस पैक को सप्ताह में एक बार इस्तेमाल कर सकते हैं.
About the Author
अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें