शिमला. हिमाचल प्रदेश में बीते दो दिन से कई इलाकों में धूप खिल रही है. वहीं, शिमला समेत कुछ जिलों में बारिश का एक स्पेल देखने को मिली. ऐसे में अब भी बारिश और लैंडस्लाइड से प्रदेश में 99 सड़कें अवरुद्ध हैं. मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अगले तीन दिन तक कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
मंगलवार को चंबा जिले के भरमौर में कोडला-उराई सड़क पर मंगलवार को भीषण लैंडस्लाइड हुआ और सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह से लैंडस्लाइड से साफ हो गया. बुधवार को मंडी समेत अन्य जिलों में हल्की धूप खिली है और हल्के बादल भी आसमान में छाए हुए हैं.
दरअसल, भरमौर में जबर्दस्त भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई, ऐसे में उराई जाने के लिए वैकल्पिक कंडी-कुठेड़ मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा. घटना के वीडियो समें भूस्खलन के दौरान एक बड़ा पत्थर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है.
मंगलवार को बिलासपुर के भराड़ी थाना क्षेत्र के लदरौर में शाम करीब चार बजे निर्माण कार्य के दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और चट्टान गिरने के कारण जेसीबी दब गई. हादसे के समय मशीन पर दो लोग मौजूद थे, जो मलबे में दब गए. सूकड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भराड़ी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने कुशल बानियाल (19) निवासी मलोह, तहसील बंगाणा, जिला ऊना को मृत घोषित कर दिया. जेसीबी ऑपरेटर पंकज भारद्वाज (26) निवासी जझर, सरकाघाट, जिला मंडी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया. हादसे की सूचना पर एएसपी बिलासपुर प्रताप सिंह और डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया.
उधर, सूबे में बारिश और लैंडस्लाइड से सबसे ज़्यादा 44 सड़कें मंडी में, कुल्लू में 23 , सिरमौर में 12, कांगड़ा में सात, चंबा में पांच, ऊना में चार, शिमला में तीन और लाहौल-स्पीति ज़िले में एक सड़क अवरुद्ध है. राज्य आपात अभियान केंद्र (एसईओसी) ने बताया कि सात विद्युत ‘ट्रांसफ़ॉर्मर’ और पेयजल की आपूर्ति की छह योजनाएं भी बाधित हुईं.
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने जारी किया अपडेट.
मौसम विभाग ने बुधवार सुबह बुलेटिन जारी किया है और बताया कि बिलासपुर के नैना देवी में रात को 86 एमएम बारिश हुई. इसके अलावा, बिलासपुर के ही ओलिंदा में 69.4, कांगड़ा 45.8, अंब 38.8, नंगल डैम 38.4, नालागढ़ 35.0, धर्मशाला 27.3, जोगिंदरनगर 26.0, मुरारी देवी में 24.0 एमएम बरसात हुई.
शिमला में मौसम विभाग के केद्र ने बताया कि अगले तीन दिन हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश होगी. हालांकि, किसी तरह का अलर्ट नहीं जारी किया गया है. गौर रहे कि मॉनसून सीजन में अब तक 1150 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है.