![]()
नेता प्रतिपक्ष ने आरोपियों पर केस नहीं होने पर धरने पर बैठने की दी चेतावनी नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली मामले में पुतला दहन कार्यक्रम में छात्रों पर हुई कार्रवाई को एकतरफा बताया है। बाबूलाल ने आरोप लगाया कि पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान तैनात दंडाधिकारी ने छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई की। इसके विरोध में मंगलवार को बाबूलाल भाजपा के अन्य नेताओं के साथ रांची सदर के अंचलाधिकारी सह मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचे। मरांडी ने कहा कि अधिकारियों को सरकार की कठपुतली बनने के बजाय कानून सम्मत और निष्पक्ष कार्य करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण पुतला दहन के दौरान सत्ता पक्ष समर्थित लोगों ने उपद्रव किया और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया, लेकिन मजिस्ट्रेट ने दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय छात्रों पर ही मुकदमे दर्ज किए। नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो पार्टी अंचल कार्यालय के समक्ष धरना देगी। इस दौरान दीपक प्रकाश, सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह और वरुण साहू मौजूद थे।
Source link