![]()
फुटबॉल के क्षेत्र में गुमला और बिशुनपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली अंडर-17 महिला टीम की राष्ट्रीय कप्तान और वर्तमान में भारत की सीनियर महिला फुटबॉल टीम की सदस्य अष्टम उरांव ने शनिवार को एक खेल कार्यक्रम के दौरान लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत से मुलाकात की। बताते चलें कि अष्टम उरांव बिशुनपुर प्रखंड की रहने वाली हैं और उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर भारतीय महिला फुटबॉल टीम में अपनी जगह बनाई है। उनकी यह उपलब्धि पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। वहीं मुलाकात के दौरान दोनों के बीच झारखंड में महिला फुटबॉल को आगे बढ़ाने, महिला टीमों को सशक्त करने और फुटबॉल के समग्र विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं अष्टम उरांव ने सांसद को झारखंड में महिला खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियों, बेहतर प्रशिक्षण, मैदान, संसाधन और प्रोत्साहन की आवश्यकता से अवगत कराया। सांसद ने कहा कि अष्टम जैसी बेटियां हमारे पूरे लोहरदगा संसदीय क्षेत्र और झारखंड की शान हैं। बिशुनपुर जैसी सुदूर क्षेत्र से निकलकर भारतीय टीम तक का सफर तय करना इनके हौसले और कठोर परिश्रम को दर्शाता है। झारखंड की धरती में फुटबॉल की अपार संभावनाएं हैं। फुटबॉल को यहां आगे बढ़ाने के लिए और हमारी महिला टीम को राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए हर संभव सहायता करने के लिए तैयार हूं। उपस्थित सांसद व फुटबॉल खिलाड़ी।
Source link