गढ़वा | बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय परिसर स्थित वनांचल डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल के सभागार में एंटी रैगिंग विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ललन कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, डॉ. एके सिन्हा व गढ़वा थाना के सब इंस्पेक्टर नसीम अंसारी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा शिक्षण संस्थानों में सुरक्षित, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करना था। मौके पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ललन कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार की रैगिंग नहीं होनी चाहिए। इसके लिए छात्र-छात्राओं को जागरूक और प्रेरित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी सम्मान बनाए रखने तथा एक-दूसरे के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार करने की अपील की। वहीं गढ़वा थाना के सब-इंस्पेक्टर नसीम अंसारी ने कहा कि कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार की परेशानी या अनुचित गतिविधि होने पर तत्काल कॉलेज प्रशासन को इसकी सूचना दें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से बिना किसी भय के स्वस्थ और सकारात्मक माहौल में अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। रैगिंग जैसी गतिविधियों से दूर रहकर विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा, अनुशासन और बेहतर भविष्य के निर्माण पर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने रैगिंग मुक्त शैक्षणिक वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
Source link