Last Updated:
Palamu Girl Won Silver Medal In Skating: पलामू की अवनूर कौर ने दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल स्केटिंग प्रतियोगिता की 500 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन किया है. वीडियो देखकर उनके अंदर स्केटिंग सीखने की इच्छा जागी थी और मात्र दो साल की प्रैक्टिस में अवनूर ने यहां तक का सफर तय किया है.
पलामू. पलामू में बेटियां अब खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं. पढ़ाई के साथ खेल के प्रति जुनून और मेहनत के दम पर यहां की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं. ऐसी ही एक होनहार बेटी अवनूर कौर हैं, जिन्होंने स्केटिंग प्रतियोगिता में नेशनल स्तर पर सिल्वर मेडल जीतकर पलामू को गौरवान्वित किया है. खास बात यह है कि अवनूर ने महज दो साल पहले स्केटिंग की शुरुआत की थी और इतने कम समय में राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय कर लिया.
वीडियो देखकर जागी इच्छा
अवनूर कौर चमनप्रीत सिंह और रविंदर कौर की बेटी हैं. उनके पिता चमनप्रीत सिंह तनिष्क में स्टोर मैनेजर के पद पर काम करते हैं. अवनूर ने बताया कि सोशल मीडिया पर स्केटिंग कोच चंदन कुमार के वीडियो देखती थीं. उनके वीडियो देखकर ही स्केटिंग सीखने की इच्छा जागी. इसके बाद करीब दो साल पहले उन्होंने इसकी ट्रेनिंग शुरू की. शुरुआत में स्केटिंग करते समय गिरने का डर लगता था. कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन धीरे-धीरे आत्मविश्वास बढ़ता गया. परिवार का भी पूरा सहयोग मिला. घरवालों ने हमेशा यही कहा कि जिस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हो, उसमें मेहनत करो.
अवनूर ने आगे बताया कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल स्केटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने 500 मीटर रेस में सिल्वर मेडल हासिल किया है. यह उनका पहला नेशनल मेडल है. इससे पहले वह स्टेट स्तर पर दो गोल्ड और छह सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं. इस बार उनका लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतने का था, लेकिन थोड़ी सी कमी के कारण सिल्वर से संतोष करना पड़ा. अब अगली प्रतियोगिता में गोल्ड जीतने की तैयारी है.
पढ़ाई के साथ रोजाना करती हैं अभ्यास
अवनूर के लिए पढ़ाई और खेल दोनों महत्वपूर्ण हैं. वह अपनी पढ़ाई के साथ समय निकालकर रोजाना करीब दो से ढाई घंटे स्केटिंग का अभ्यास करती हैं. उनका कहना है कि खेल में आगे बढ़ने के लिए नियमित अभ्यास और मेहनत जरूरी है. नेशनल में मेडल जीतने के बाद परिवार का उत्साह और बढ़ गया है. अब उनका सपना अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर देश के लिए मेडल जीतना है.
कोच ने बताया पलामू के लिए बड़ी उपलब्धि
स्केटिंग कोच चंदन कुमार ने बताया कि पलामू की किसी बेटी का पहली बार नेशनल स्तर पर मेडल जीतना बेहद खुशी की बात है. यह जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि यहां की बच्चियां लगातार मेहनत कर रही हैं. उम्मीद है कि आने वाले समय में वे राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगी. पलामू में वर्ष 2013 से स्केटिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है. अब यहां के बच्चे बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं. कोच ने कहा कि उनका प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा बच्चे इस खेल से जुड़ें और देशभर में पलामू का नाम रोशन करें.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…