![]()
गिरिडीह जिले के गावां प्रखंड में बंद खदान में डूबे 40 वर्षीय मनोज यादव का शव शुक्रवार को मिला। ग्रामीणों ने करीब 24 घंटे बाद खदान से पानी निकालकर शव बाहर निकाला। मनोज गुरुवार दोपहर से लापता थे। मनोज यादव गदर गांव के रहने वाले थे। वे स्वर्गीय चन्दर यादव के बेटे थे। गुरुवार दोपहर वे पशुओं को चराने घर से निकले थे। गदर पंचायत भवन के पीछे बंद खदान के पास उनका पैर फिसला और वे गहरे पानी में गिर गए। पानी की गहराई अधिक होने से वे बाहर नहीं निकल सके। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की घटना के समय आसपास कुछ महिलाएं भी पशु चरा रही थीं। उन्होंने मनोज को खदान में गिरते देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की, लेकिन गुरुवार को मनोज का पता नहीं चला। शुक्रवार को फिर से बचाव अभियान चलाया गया। खदान से करीब चार से पांच फीट पानी निकालने के बाद झगड़ डालकर शव की तलाश की गई। कुछ देर बाद शव झगड़ में फंस गया और ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। गावां पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेजा गया। घटना के बाद गदर गांव में शोक का माहौल है।
Source link