Last Updated:
Gumla News: गुमला में एक किशोरी की संदिग्ध मौत हो गई. वह शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन काफी देर तक नहीं लौटी. ढूंढ़ने पर उसकी लाश बरामद हुई. परिवार वालों ने जल्दबाजी में अंतिम संस्कार का फैसला किया, लेकिन सूचना मिलने पर पुलिस आ पहुंची. चिता से उसकी लाश उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

गुमला में नाबालिग की संदिग्ध मौत.
गुमलाः झारखंड के गुमला में 15 साल की लड़की की मौत मिस्ट्री बन गई. वह घर से शौच के लिए निकली थी, कई घंटों तक नहीं लौटी. घरवालों ने काफी खोजबीन की, तो सुनसान जगह पर उसका शव पड़ा हुआ मिला. परिवार को कुछ समझ नहीं आ रहा था, पहले तो उसे अंतिम संस्कार के लिए ले गए. लेकिन जैसे ही ध्यान दिया उसके शरीर पर चोट के निशान दिखे. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चिता के ऊपर से शव बरामद किया. हत्या की आंशका पर जांच की जा रही है.
मामला गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र के मूरगु गांव का है. जहां एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया. 15 वर्षीय निधि कुमारी देर शाम शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी. परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की तो गांव के पास उसका शव संदिग्ध हालत में मिला, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया. घटना के बाद परिजन जल्दबाजी में शव को अंतिम संस्कार के लिए कोयल नदी के तट पर ले गए. लेकिन चिता पर रखने के दौरान जब कपड़ा हटाया गया तो किशोरी के गले और शरीर पर गहरे जख्म के निशान देख सभी के होश उड़ गए. परिजनों ने तुरंत हत्या की आशंका जताई और पुलिस को सूचना दी.
चिता से उठवाया शव
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवाई. पुलिस ने चिता से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीण भी हैरान रह गए कि जिस शव का अंतिम संस्कार होने वाला था, उसे अचानक जांच के लिए ले जाया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है. किशोरी के शरीर पर मिले जख्म कई सवाल खड़े कर रहे हैं. यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.
जांच में जुटी पुलिस
गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है. लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, वहीं परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पूरे इलाके की निगरानी बढ़ा दी गई है और पुलिस हर पहलू पर जांच में जुटी हुई है.
About the Author
कहानी सुनने, गुनने और लिखने का शौकीन. शुद्ध कीबोर्ड पीटक. माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी भोपाल से शिक्षा-दीक्षा. द सूत्र, खबरिया न्यूज़, दैनिक नई दुनिया (अखबार) से सीखते हुए हाल मुकाम News18 है. 5 साल से पत्रकार…और पढ़ें