भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

मधुमक्खियों के झुंड ने बुजुर्ग की ले ली जान, आखिर क्यों खतरनाक...


Last Updated:

Giridih Bee Attack Death: झारखंड के गिरिडीह जिले में मधुमक्खियों के झुंड का हमला एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ. मधुमक्खियों के हमले में बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गईं. इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर मधुमक्खियों का हमला इंसान के लिए कितना खतरनाक हो सकता है? क्या इनके कई डंक शरीर में जहर का असर पैदा कर सकते हैं? और अगर अचानक मधुमक्खियों का झुंड हमला कर दे तो जान बचाने के लिए क्या करना चाहिए?

मधुमक्खियों के झुंड ने बुजुर्ग की ली जान, क्यों खतरनाक है हमला, बचने के 9 उपायZoom

एक साथ टूट पड़ा मधुमक्खियों का झुंड, गिरिडीह में 65 साल के बुजुर्ग की गई जान (AI जेनरेटेड)

गिरिडीह. झारखंड के गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड के मोतीलेदा पंचायत के सिजुआ गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हुआ. घर की बाड़ी (घर के पास छोटा खाली स्थान जिसमें छोटी-मोटी साग-सब्जी उगाई जाती हो) में साफ-सफाई कर रहे 65 वर्षीय महेश कुमार यादव पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. उनके साथ में उनकी पत्नी खेतिया देवी और भाभी मुन्नी देवी भी थीं. जानकारी के अनुसार, देखते ही देखते हजारों मधुमक्खियों ने तीनों को घेर लिया और लगातार डंक मारे. परिजन किसी तरह उन्हें बेंगाबाद अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने महेश यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दोनों महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है. घटना के बाद गांव में शोक है.

वहीं, गिरिडीह की यह घटना बताती है कि घर के आसपास सामान्य साफ-सफाई के दौरान भी थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है. खास तौर पर दीपावली के समय लोग घर की साफ-सफाई करते हैं तो इस दौरान विशेष सावधानी बरतनी जरूरी है. विशेषज्ञों के अनुसार, मधुमक्खियों के झुंड को छेड़ने से बचना और हमले की स्थिति में सही तरीके से सुरक्षित स्थान पर पहुंचना बेहद जरूरी है. लेकिन, पहले जानते हैं कि आखिर मधुमक्खियों के काटने से जान क्यों जा सकती है?

मधुमक्खियों के डंक से कैसे जा सकती है जान?

मधुमक्खी के डंक में विषैला पदार्थ होता है, जो शरीर में पहुंचकर दर्द, जलन, लालिमा और सूजन पैदा करता है. सामान्य तौर पर एक-दो डंक से स्थानीय परेशानी होती है, लेकिन बड़ी संख्या में डंक लगने पर शरीर में विष का असर गंभीर हो सकता है. इससे उल्टी, चक्कर, बुखार और दूसरी शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं.
दूसरी गंभीर स्थिति एलर्जी से जुड़ी है, जिसे मेडिकल भाषा में एनाफिलैक्सिस (Anaphylaxis) कहते हैं. इसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली मधुमक्खी के विष के प्रति अचानक अत्यधिक प्रतिक्रिया कर सकती है. इससे गले और जीभ में सूजन, सांस लेने में परेशानी, रक्तचाप में गिरावट और बेहोशी तक हो सकती है. यह स्थिति जानलेवा हो सकती है और तत्काल चिकित्सा की जरूरत होती है.

ये बातें जरूर जान लीजिए

  • एक स्वस्थ व्यक्ति 10-15 डंक सह सकता है, लेकिन 50 से ज्यादा डंक लगने पर जहर की मात्रा इतनी बढ़ जाती है कि किडनी फेल, मसल्स टूटना और मल्टी ऑर्गन फेल्योर हो सकता है. 65 साल के महेश यादव को सैकड़ों डंक लगे थे.
  • देर से अस्पताल पहुंचना: ग्रामीण इलाकों में अक्सर लोग पहले घरेलू उपाय करते हैं, जिससे एंटी-एलर्जी इंजेक्शन (Adrenaline) देने में देरी हो जाती है और जान चली जाती है.
  • मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, गंभीर एलर्जी की स्थिति में एक डंक भी जानलेवा साबित हो सकता है. 
  • कई डंक लगने पर एलर्जी न होने के बावजूद विष के असर से गंभीर स्थिति बन सकती है.
मधुमक्खियों के डंक से कैसे हो जाती है मौत? झारखंड की घटना ने बढ़ाई चिंता, जानिए क्या करें (तस्वीर-AI जेनरेटेड)

मधुमक्खियों का झुंड हमला करे तो क्या करें?

  • तुरंत सुरक्षित जगह भागें: झुंड के हमले पर खुले मैदान की तरफ भागें, 200-300 मीटर तक मधुमक्खियां पीछा करती हैं.मधुमक्खियों का झुंड हमला करे तो हाथ-पैर चलाकर उन्हें भगाने या मारने की कोशिश न करें. तेजी से किसी बंद कमरे या वाहन के भीतर पहुंचें.
  • चेहरे और सिर को ढकें: भागते समय कपड़े से चेहरे, सिर और गर्दन को ढकने की कोशिश करें. आंखों और मुंह को विशेष रूप से बचाएं.
  • चेहरा और नाक ढकें: कभी भी जमीन पर लेटकर या पानी में कूदकर बचने की कोशिश न करें. सबसे ज्यादा डंक चेहरे और सिर पर मारती हैं. कपड़ा, गमछा से मुंह-नाक तुरंत ढक लें.
  • पानी में न कूदें: मधुमक्खियों से बचने के लिए तालाब या नदी में कूदना सुरक्षित उपाय नहीं है.
  • डंक को खरोंच कर निकालें: चिमटी से न खींचे, इससे जहर की थैली और दबेगी. किसी कार्ड या चाकू की धार से हल्के से खरोंच कर डंक निकालें.
  • तुरंत अस्पताल जाएं: एक भी डंक के बाद घबराहट, सांस फूलना, उल्टी होना, चक्कर आए तो तुरंत स्वास्थ्य केंद्र जाएं. सांस की परेशानी या बेहोशी की स्थिति में एंबुलेंस बुलाएं. गंभीर एलर्जी में डॉक्टर की ओर से निर्धारित एड्रेनालिन (Epinephrine) प्राथमिक आपातकालीन उपचार है. देसी घी, मिट्टी लगाकर समय बर्बाद न करें.
  • धुआं है सबसे बड़ा दुश्मन: बारी या छत की सफाई से पहले धुआं करें या दिन में 10 बजे से पहले और शाम 4 बजे के बाद जब मधुमक्खियां शांत रहती हैं, तब सफाई करें.
  • ठंडी सिकाई करें: सूजन और दर्द कम करने के लिए कपड़े में लपेटकर बर्फ से सिकाई की जा सकती है.
  • ये सावधानियां भी जरूरी: तेज इत्र, काले कपड़े पहनने से बचें, इससे मधुमक्खियां अग्रेसिव होती हैं.

वन विभाग के अनुसार अक्टूबर-नवंबर में शहद के मौसम में मधुमक्खियां सबसे ज्यादा आक्रामक होती हैं. जंगल सटे इलाकों में घरों के पास छत्ता दिखे तो खुद न हटाएं, वन विभाग को सूचना दें.

घर की सफाई और बागवानी करते समय बरतें सावधानी

मधुमक्खियां अक्सर पेड़ों की डालियों, पुराने मकानों, छतों और सुनसान जगहों पर छत्ता बनाती हैं. इसलिए घर की बारी, बगीचे या पेड़ों के आसपास सफाई करने से पहले छत्ते की मौजूदगी की जांच जरूर करें. यदि मधुमक्खियों का छत्ता दिखाई दे तो उसे खुद हटाने या जलाने की कोशिश न करें. इसके लिए प्रशिक्षित व्यक्ति या पेशेवर मधुमक्खी पालक की मदद लें.

गिरिडीह की घटना से यह सबक लें

गिरिडीह की यह घटना बताती है कि घर के आसपास सामान्य साफ-सफाई के दौरान भी थोड़ी सी लापरवाही जान पर भारी पड़ सकती है. मधुमक्खियों के झुंड को छेड़ने से बचना और हमले की स्थिति में सही तरीके से सुरक्षित स्थान पर पहुंचना बेहद जरूरी है.

About the Author

Vijay jha

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top