गुमला|गुमला थाना क्षेत्र के करम टोली निवासी 14 वर्षीय पूजा कुमारी टोप्पो की इलाज के दौरान सदर अस्पताल, गुमला में मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी टोप्पो ने 29 अक्टूबर को कपड़ों में रखने वाली कपूर की गोली गलती से खा ली थी। इसके कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर देख परिजनों ने उसे तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी था, लेकिन दो दिनों के संघर्ष के बाद 31 अक्टूबर को उसने दम तोड़ दिया। बेटी की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से उसकी मां सपना टोप्पो और पूरा परिवार गहरे सदमे में है। मां ने सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को एक लिखित आवेदन सौंपा। इसमें उन्होंने अपनी बेटी के शव का पोस्टमार्टम न कराने का विशेष अनुरोध किया।आवेदन में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी बेटी ने अनजाने में कपूर की गोली खा ली थी। इसी से उसकी मौत हुई। उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हें इस मामले में किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं है। मां ने पूरे होश-हवास में गवाहों की मौजूदगी में यह आवेदन दिया। उन्होंने बिना पोस्टमार्टम शव परिजनों को सौंपने की मांग की।
Source link