Last Updated:
बेंगलुरु और मुंबई के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ऑपरेशन शुरू हो गया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज इस ट्रेन को बेंगलुरु से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया है. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे कनेक्टिविटी के क्षेत्र में ‘गेमचेंजर’ करार दिया है.
बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परिचालन एक नवंबर से शुरू हो गया है.
बेंगलुरु से मुंबई के बीच सफर करने वाले पैसेंजर्स को भारतीय रेलवे ने बेहतर विकल्प दे दिया है. जी हां, भारतीय रेलवे ने इन दोनों शहरों के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ऑपरेशन शुरू कर दिया है. रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इस ट्रेन को आज यानी एक नवंबर को बेंगलुरु से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है. वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेन को दोनों शहरों के बीच की कनेक्टिविटी के लिए ‘गेमचेंजर’ बताया है. उनका कहना है कि इस नई ट्रेन से कर्नाटक और महाराष्ट्र के साथ आंध्र प्रदेश के भी पैसेंजर्स को फायदा मिलेगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय रेलवे की पोस्ट शेयर की. उन्होंने लिखा कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के शहर बेंगलुरु से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक और कदम उठाया गया है. यह ट्रेन बेंगलुरु और मुंबई के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी. इस ट्रेन से कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के पैसेंजर्स को फायदा होगा. प्रधानमंत्री ने खास तौर पर युवाओं, आईटी प्रोफेशनल्स और छात्रों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन लोगों के लिए यह ट्रेन काफी उपयोगी साबित होगी.
दरअसल, बेंगलुरु और मुंबई दोनों ही देश के बड़े शहर हैं. ऐसे में दोनों के बीच बेहतर रेल कनेक्टिविटी का फायदा नौकरी करने वाले लोगों से लेकर पढ़ाई के लिए आने-जाने वाले छात्रों तक को मिल सकता है. वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में लंबी दूरी के पैसेंजर्स को मॉडर्न सुविधाएं देने की बात कही गई है.
बुलेट ट्रेन के नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन नेटवर्क के नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है. वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के शुभारंभ के दौरान रेल मंत्री ने इस कॉरिडोर का रूट बताया. यह दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, पटना और सिलीगुड़ी को जोड़ेगा. इसके बाद यह कॉरिडोर गुवाहाटी तक जाएगा.
दिल्ली से वाराणसी का सफर 3 घंटे 33 मिनट में
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद कई शहरों के बीच ट्रैवल टाइम चंद घंटों में सिमट कर रह जाएगा. रेल मंत्री के अनुसार, दिल्ली से आगरा पहुंचने में 59 मिनट लगेंगे. दिल्ली से कानपुर का सफर 1 घंटा 45 मिनट और दिल्ली से लखनऊ का सफर 2 घंटे 12 मिनट में पूरा हो सकेगा. इसी तरह दिल्ली से वाराणसी पहुंचने में 3 घंटे 33 मिनट लगेंगे. वहीं, लखनऊ से वाराणसी का सफर सिर्फ 1 घंटा 21 मिनट में पूरा हो सकेगा.
कितना होगा बुलेट ट्रेन का किराया?
बुलेट ट्रेन को लेकर किराये को लेकर लोगों की जिज्ञासा बढ़ती जा रही है. विपक्ष का आरोप पर कि इसका फायदा सिर्फ अमीर लोगों को मिलेगा. इस आरोप पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का कहना है कि यह धारणा गलत है. उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन का किराया हवाई सफर के मुकाबले काफी कम होगा और आम लोगों की पहुंच में रहेगा. सरकार का मकसद ऐसा ट्रांसपोर्ट नेटवर्क तैयार करना है, जिसमें सफर तेज होने के साथ-साथ सुविधाजनक और सस्ता भी हो.