![]()
भास्कर न्यूज | जामताड़ा झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 को कदाचारमुक्त, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग सह समीक्षा बैठक हुई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, उड़नदस्ता दंडाधिकारियों, पेट्रोलिंग दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में पीपीटी के माध्यम से परीक्षा संचालन से जुड़े दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जेटेट को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य में लंबे समय बाद यह परीक्षा हो रही है, इसलिए सभी अधिकारियों और कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतनी होगी। जामताड़ा में कुछ नए परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, घड़ी समेत किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने की अनुमति नहीं होगी। स्कार्फ, बेल्ट, टोपी, बैग और पर्स भी प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग और प्रवेश की प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर पूरी की जाएगी। महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला अधिकारी करेंगी। क्षा, नियंत्रण कक्ष का नंबर जारी जिले में जेटेट के लिए कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 1 नवंबर 2026 (रविवार) को दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। इसमें कुल 8756 परीक्षार्थी शामिल होंगे। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष परीक्षा से एक दिन पूर्व से लेकर परीक्षा सामग्री सुरक्षित जमा होने तक कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 9771969917 जारी किया गया है। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय नीलम कुजूर, एसडीपीओ जामताड़ा वसीम रजा, उड़नदस्ता दंडाधिकारी, पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्री-फिल्ड ओएमआर शीट के वितरण में बरतें सावधानी उपायुक्त ने बताया कि इस बार झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से प्री-फिल्ड ओएमआर शीट का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके वितरण में विशेष सावधानी बरतनी होगी। वीक्षक परीक्षार्थियों को स्पष्ट रूप से समझाएं कि वे अपने रोल नंबर और निर्धारित स्थान के अनुसार ही ओएमआर शीट का उपयोग करें। जल्दबाजी में शीट की अदला-बदली या किसी तरह की गलती नहीं होनी चाहिए। उन्होंने परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्ति तक का सीसीटीवी फुटेज और डंप सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। सभी केंद्रों पर प्रकाश, सीसीटीवी और अन्य मूलभूत सुविधाएं तत्काल दुरुस्त करने को भी कहा। अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने कहा कि परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्र और अन्य सामग्री समय पर पहुंचनी चाहिए। परीक्षार्थियों को बिना बाधा केंद्र तक पहुंचाने के लिए यातायात व्यवस्था मजबूत रखी जाए। फ्रिस्किंग के दौरान समय और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड, परीक्षार्थी और कलम सबसे जरूरी हैं। एसपी ने निर्देश दिया कि कोई भी पुलिस अधिकारी सक्षम मजिस्ट्रेट के आदेश के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं करेगा। यदि किसी पुलिसकर्मी का निकट संबंधी उसी केंद्र पर परीक्षा दे रहा है, जहां उसकी ड्यूटी लगी है, तो इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते ड्यूटी बदली जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link