Last Updated:
Netarhat Residential School Admission Process: नेतरहाट आवासीय विद्यालय की कक्षा छह प्रवेश परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी. इसके लिए 9 नवंबर से प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे. परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन निशुल्क होते हैं. अगर आप भी अपने बच्चे का एडमिशन कराना चाहते हैं तो पूरी प्रक्रिया स्टेप बाय स्टेप यहां समझ सकते हैं.
झारखंड के लातेहार जिले के नेतरहाट में स्थित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में पढ़ाई करना राज्य के हजारों विद्यार्थियों का सपना होता है. विद्यालय ने हाल ही में सीफोर (Cfore) स्कूल रैंकिंग 2026 में देश के सर्वश्रेष्ठ सरकारी आवासीय विद्यालयों की श्रेणी में संयुक्त दूसरा स्थान हासिल किया है. ऐसे में अगर आप भी अपने बच्चे का दाखिला इस विद्यालय में कराना चाहते हैं तो इसके लिए प्रवेश परीक्षा में शामिल होना जरूरी है.
बता दें कि नेतरहाट आवासीय विद्यालय में मुख्य रूप से कक्षा छह में प्रवेश के लिए प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की जाती है. इसके लिए पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण या अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवेदन की निर्धारित पात्रता और शर्तों के अनुसार आवेदन करना होता है. अभिभावकों को आवेदन से पहले संबंधित सत्र के आधिकारिक विज्ञापन में कक्षा और शैक्षणिक योग्यता की शर्तें जरूर देखनी चाहिए.
नेतरहाट आवासीय विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया के तहत केवल झारखंड के स्थानीय निवासी बालक आवेदन के पात्र हैं. अभ्यर्थी की उम्र कम से कम 10 वर्ष और अधिकतम 12 वर्ष होनी चाहिए. इसके अलावा अभ्यर्थी का झारखंड के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी है. इस बार पुरानी नामांकन नियमावली के तहत केवल बालकों का दाखिला लिया जा रहा है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
बता दें कि सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छह में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से कुल 100 विद्यार्थियों का चयन किया जाना है. हर साल 100 सीटों पर नामांकन होता है. आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है और आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है. चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के साथ आगे की जांच भी शामिल है. इसलिए केवल आवेदन कर देना नामांकन की गारंटी नहीं है, अभ्यर्थियों को चयन के सभी चरणों में सफल होना जरूरी है.
आवेदन के लिए अभिभावकों को नेतरहाट आवासीय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट www.netarhatvidyalaya.com पर जाना होगा. वहां कक्षा छह प्रवेश परीक्षा 2026-27 के आवेदन लिंक पर क्लिक करना होता है. आप एडमिशन से संबंधित आगे की जानकारी या अपडेट भी इसी वेबसाइट से पा सकते हैं.
जब प्रोसेस आगे बढ़ेगा तो ओटीपी सत्यापन के बाद अभ्यर्थी को अपना प्रमंडल, जिला, प्रखंड, पूरा नाम, माता-पिता का नाम और श्रेणी वगैरह दर्ज करनी होती है. इसके साथ वर्तमान विद्यालय का नाम एवं पता, प्रधानाचार्य का नाम और मोबाइल नंबर, स्थायी पता, पत्राचार का पता, दूसरा मोबाइल नंबर, व्हाट्सएप नंबर, ई-मेल और आधार संख्या भी देनी होती है.
ऑनलाइन फॉर्म भरने के अगले चरण में आवेदक को आवासीय प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, अभ्यर्थी की फोटो, अभ्यर्थी का हस्ताक्षर, पिता का हस्ताक्षर और पांचवीं कक्षा या उससे ऊपर उत्तीर्ण होने का प्रधानाध्यापक द्वारा जारी प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा. आरक्षण का लाभ लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र और ईडब्ल्यूएस श्रेणी का लाभ लेने वालों के लिए ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र भी अनिवार्य है.
इस बार के आवेदन पूरे हो चुके हैं, अब 9 नवंबर 2026 से प्रवेश पत्र डाउनलोड किया जा सकेगा, जबकि प्रवेश परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी. चयन प्रक्रिया में प्रारंभिक और मुख्य लिखित परीक्षा शामिल है. परीक्षा में मानसिक योग्यता, हिंदी, गणित, विज्ञान और सामाजिक अध्ययन से प्रश्न पूछे जाते हैं. इसके बाद मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चयनित किया जाता है. आगे शारीरिक जांच और मनोवैज्ञानिक परीक्षण के आधार पर होता है.