भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

हाइट कम पर हौसला बड़ा… बोकारो के छोटा अभिषेक डांस वीडियो बनाकर...


बोकारो. बोकारो के छोटा अभिषेक इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं. उनका कद भले ही छोटा हो, लेकिन उनके सपने और हौसले काफी बड़े हैं. अनोखे डांस स्टाइल और शानदार अंदाज से उन्होंने सोशल मीडिया पर अलग पहचान बनाई है. इंस्टाग्राम पर उनकी कई रील्स तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग उनके डांस स्टेप्स को कॉपी कर अपने अकाउंट पर भी वीडियो बना रहे हैं. खास बात यह है कि अभिषेक सिर्फ सोशल मीडिया पर वीडियो ही नहीं बनाते, बल्कि एक बिरयानी रेस्टोरेंट में काम करके अपने परिवार की जिम्मेदारियां भी निभा रहे हैं.

आठ साल से जारी है वीडियो बनाने का सफर
खास बातचीत में अभिषेक ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने का सफर करीब आठ साल पहले शुरू हुआ था. शुरुआत में वह लगातार डांस वीडियो बनाते थे, लेकिन उन्हें दर्शकों का खास रिस्पॉन्स नहीं मिलता था. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपना प्रयास जारी रखा. धीरे-धीरे उनकी मेहनत रंग लाई और उनके डांस वीडियो वायरल होने लगे.

अभिषेक के मुताबिक, उनका पहला वायरल वीडियो भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के गाने ‘करिया रसगुल्ला रसदार राजा जी’ पर था, जिस पर करीब 4.5 मिलियन व्यूज हैं. इसके बाद ‘ये धड़ा धड़ गोली चली लक्की सरा के चौक पे’ गाने पर बनाए गए वीडियो को भी लोगों ने खूब पसंद किया. इन वीडियो के वायरल होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर लोगों का भरपूर प्यार और समर्थन मिलने लगा.

अब लोग पहचानते हैं, सेल्फी लेने के लिए आते हैं
आगे अभिषेक बताते हैं कि सोशल मीडिया पर पहचान मिलने के बाद उनकी जिंदगी में काफी बदलाव आया है. पहले जहां उनके वीडियो पर बहुत कम प्रतिक्रियाएं मिलती थीं, वहीं अब लोग उनके डांस की तारीफ करते हैं. कई लोग उनसे मिलकर सेल्फी लेते हैं और फोटो खिंचवाते हैं. सोशल मीडिया पर भी लोग उनके वीडियो पर कमेंट और मैसेज करके नए-नए गानों के स्टेप्स के बारे में पूछते हैं.

तीन साल से बिरयानी रेस्टोरेंट में कर रहे काम
अभिषेक की कहानी सिर्फ डांस और सोशल मीडिया तक सीमित नहीं है. वह पिछले तीन साल से एक बिरयानी रेस्टोरेंट में काम कर रहे हैं. उनकी ड्यूटी सुबह 10 बजे शुरू होती है. काम के बीच समय निकालकर वह करीब आधे घंटे तक डांस वीडियो बनाते हैं और इसके बाद फिर अपने काम में जुट जाते हैं. अभिषेक बताते हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेस्टोरेंट में आने वाले ग्राहक भी उन्हें पहचानने लगे हैं. कई ग्राहक उनसे पूछते हैं कि क्या वही सोशल मीडिया पर डांस वीडियो बनाने वाले अभिषेक हैं. जब वह हां कहते हैं, तो लोग उनसे काफी अच्छे से बातचीत करते हैं और उनके काम की तारीफ करते हैं.

परिवार की जिम्मेदारी के साथ पूरा कर रहे सपने
अभिषेक का पारिवारिक जीवन भी संघर्षों से भरा रहा है. उनके पिता साजन राम पहले फर्नीचर मिस्त्री का काम करते थे, लेकिन बढ़ती उम्र के कारण अब घर पर आराम कर रहे हैं. उनकी मां रिंकू देवी सफाई कर्मचारी के रूप में काम करती हैं. उनका छोटा भाई भी फर्नीचर मिस्त्री का काम करता है. ऐसे में अभिषेक भी रेस्टोरेंट में काम करके परिवार की जिम्मेदारियों में अपना योगदान देते हैं. वह बताते हैं कि छोटे कद की वजह से उन्हें जीवन में कई तरह की परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, लेकिन उन्होंने कभी भी हार नहीं मानी और अपनी लंबाई को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया.

दोस्त के सहयोग से मिल रही आगे बढ़ने की प्रेरणा
अभिषेक की इस यात्रा में उनके दोस्तों का भी महत्वपूर्ण योगदान है. रेस्टोरेंट में काम करने वाले उनके एक दोस्त ने उनके डांस के हुनर को पहचाना और उन्हें सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए प्रेरित किया. वीडियो शूट करने और कैमरा चलाने में भी दोस्त उनका सहयोग करते हैं. अभिषेक का कहना है कि अगर लोगों का प्यार, आशीर्वाद और समर्थन मिलता रहा, तो वह सोशल मीडिया के जरिए आगे बढ़कर अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं. उनका अगला लक्ष्य सोशल मीडिया पर लगातार बेहतर वीडियो बनाना और अपने हुनर के दम पर कुछ बड़ा हासिल करना है.

छोटी हाइट वालों के लिए अभिषेक का खास संदेश
वहीं, आखिर में अभिषेक कहते हैं कि इंसान की सफलता उसके कद से नहीं, बल्कि उसकी मेहनत और लगन से तय होती है. अगर कोई व्यक्ति छोटे कद का है, तो उसे कभी खुद को कमजोर नहीं समझना चाहिए. दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने अपनी मेहनत से बड़ी सफलता हासिल की है, तो हम भी क्यों नहीं कर सकते.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top