![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो भारत विकास परिषद की उत्तर एवं दक्षिण शाखा, बोकारो के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को केन्द्रीय विद्यालय, सेक्टर-4 में प्रांत स्तरीय भारत को जानो प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। झारखंड उत्तर प्रांत की इस प्रतियोगिता में कुल 13 टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें छह वरिष्ठ और सात कनिष्ठ वर्ग की टीमें शामिल थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि और वंदे मातरम् के साथ हुआ। मुख्य अतिथि बीएसएल के कार्यकारी निदेशक (परियोजना) अनीश सेन गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि बीएसएल के मुख्य नगर प्रशासक कुंदन कुमार और केंद्रीय विद्यालय सेक्टर-4 के प्राचार्य मनोज कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में एमजीएम सेक्टर-4 बोकारो ने प्रथम, सेंट जेवियर्स हजारीबाग ने द्वितीय और डीएवी कोयला नगर धनबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कनिष्ठ वर्ग में आदर्श विद्या मंदिर चास प्रथम, सरस्वती शिशु मंदिर गिरिडीह द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर हजारीबाग तृतीय स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग में क्विज मास्टर की भूमिका लम्बोदर उपाध्याय ने निभाई। इसमें प्रदीप कुमार और एनसी पाठक ने सहयोग किया। कनिष्ठ वर्ग का संचालन अनूप कुमार ने किया, जबकि अगस्त्य कुमार ने सहयोग दिया। मौके पर प्रांत अध्यक्ष राम प्रवेश पांडेय, प्रांत सचिव सुनील कुमार, शशि लंबा,बीबी दास, हरेंद्र तिवारी, प्रो. कैलाश राणा, लम्बोदर उपाध्याय और अनीता सिन्हा सहित परिषद के पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कुंजिला नारायण ने किया। संजय सिन्हा ने परिणामों की घोषणा की और बीबी दास ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसमें शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल हुए।
Source link