![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो बोकारो जिला क्रिकेट संघ (बीडीसीए) के सत्र 2026-27 का आगाज रविवार को रोमांचक मुकाबले के साथ हुआ। सेक्टर-4 स्थित बीएसएल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में शेष बोकारो की टीम ने स्टार क्रिकेट एकेडमी को छह विकेट से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 35 ओवरों के इस मुकाबले में शेष बोकारो ने 180 रनों के लक्ष्य को महज 24.5 ओवर में चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्टार क्रिकेट की टीम 32.5 ओवर में 179 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से विकास कुमार ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 40 गेंदों पर छह छक्कों और चार चौकों की मदद से 75 रन बनाए। शुभम कुमार ने 37 और राजू कुमार ने 21 रनों का योगदान दिया। एक समय टीम ने 104 रन पर नौ विकेट गंवा दिए थे, लेकिन दसवें विकेट के लिए विकास कुमार और कप्तान संजीत कुमार ने 75 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। शेष बोकारो की ओर से रवि कुमार यादव ने 39 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं शहंशाह खान, विशाल कुमार और अतुल सिंह सुरवार को दो-दो विकेट मिले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेष बोकारो की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ओजस वर्धन ने 68 रनों की शानदार पारी खेलकर जीत की नींव रखी। कप्तान बालकृष्ण ने नाबाद 45, अर्जुन प्रियदर्शी ने 37 और अतुल सिंह सुरवार ने 17 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई। स्टार क्रिकेट एकेडमी की ओर से राजू कुमार ने 45 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि विकास कुमार को एक विकेट मिला। मैच में अंपायर की भूमिका संजीव रंजन और रूपेश कुमार ने निभाई, जबकि दीपक कुमार स्कोरर रहे। बीडीसीए के सचिव राजेश रंजन ने परिचय प्राप्त कर मैच का उद्घाटन किया।
Source link