भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

शादी की दावत पड़ी भारी, मुंबई में मैरिज हॉल का खाना खाने...


मुंबई. मुंबई में एक शादी समारोह का जश्न अचानक अफरा-तफरी में बदल गया. रविवार रात शादी की दावत में खाना खाने के बाद 100 से अधिक मेहमान अचानक उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचे. स्वास्थ्य अधिकारियों ने संदिग्ध खाद्य विषाक्तता की पुष्टि की है. खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने मौके पर पहुंचकर भोजन और पानी के सैंपल एकत्र कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रविवार को मुंबई के पूर्वी उपनगर नाहुर स्थित नालंदा बुद्ध विहार हॉल में आयोजित विवाह समारोह के दौरान हुई, जिसमें 400 से 500 अतिथि मौजूद थे.

उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने आखिरी पांत में बैठकर खाना खाया था, उनमें खाद्य विषाक्तता से जुड़े लक्षण उभरने लगे, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया. इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, “लगभग 100 लोग बीमार पड़ गए. इनमें से 22 लोगों को मुलुंड के अग्रवाल अस्पताल में, चार बच्चों को मुलुंड के कामगार अस्पताल में और पांच लोगों को विक्रोली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.”

शादी समारोह में भोजन खाने से 100 लोग बीमार

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में भर्ती कराए गए सभी मरीजों की हालत स्थिर है और उन पर दवाओं का असर हो रहा है. अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं तथा विषाक्तता के सटीक कारण का पता लगाने के लिए एफडीए ने भोजन के नमूने एकत्र कर लिए हैं.

रात के खाने के बाद बिगड़ी मेहमानों की तबियत

घटना की जानकारी देते हुए प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों ने बताया, ‘शादी समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान शामिल हुए थे. देर रात दावत में भोजन करने के बाद लोग अपने-अपने घर लौटने लगे. रात 12 बजे के बाद कई लोगों को एक साथ पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी, जिससे शादी वाले घर और परिजनों में हड़कंप मच गया.’

FDA की टीम एक्शन में, भोजन के सैंपल लैब भेजे गए

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम तुरंत हरकत में आई. FDA अधिकारियों की एक विशेष टीम ने मैरिज हॉल और कैटरिंग सर्विस के किचन का दौरा किया. टीम ने वहां तैयार किए गए भोजन, इस्तेमाल किए गए मसालों, मावा/दूध से बनी मिठाइयों और पीने के पानी के नमूने एकत्र किए हैं.

एकत्र किए गए सभी नमूनों को फॉरेंसिक और खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विषाक्तता किस खाद्य पदार्थ या दूषित पानी की वजह से हुई.यदि लैब रिपोर्ट में भोजन के दूषित होने या स्वच्छता मानकों में लापरवाही की पुष्टि होती है, तो संबंधित कैटरर और मैरिज हॉल संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल अस्पतालों में भर्ती अधिकांश लोगों को प्राथमिक उपचार और ड्रिप चढ़ाने के बाद छुट्टी दी जा रही है, जबकि कुछ गंभीर मरीजों को निगरानी में रखा गया है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top