![]()
बोकारो और चास के बाजारों में दीपावली से पहले ड्राई फ्रूट्स के दाम पिछले साल के मुकाबले करीब 20% तक बढ़ गए हैं। नमकीन पिस्ता 1,100 रुपए से बढ़कर 1,700 रुपए किलो हो गया है। महंगे गिफ्ट पैक के चलते ग्राहक दूसरे विकल्प तलाश रहे हैं। बोकारो में दीपावली पर अपनों को मिठाई और ड्राई फ्रूट्स देने की परंपरा है। इस बार कीमतें बढ़ने से गिफ्ट पैक की मांग पर असर पड़ा है। दुकानदार ग्राहकों के लिए नए विकल्प तैयार कर रहे हैं। चास के सदर बाजार होलसेल में काजू 850 से 1,080 रुपए किलो, किशमिश 400 से 530 रुपए, बादाम 1,050 से 1,150 रुपए, पिस्ता 1,700 से 1,800 रुपए, अखरोट 800 से 900 रुपए और मखाना 880 से 1,000 रुपए किलो बिक रहा है। दुकानदारों के मुताबिक, गुणवत्ता के हिसाब से दाम अलग-अलग हैं। व्यापारियों ने कीमतें बढ़ने की वजह अंतरराष्ट्रीय युद्ध और सप्लाई पर उसके असर को बताया है। गिफ्ट पैक के खाली डिब्बे की कीमत भी बढ़ी है। पिछले साल 100 रुपए में मिलने वाला डिब्बा इस बार करीब 250 रुपए का है। इसमें चार तरह के ड्राई फ्रूट्स रखे जा सकते हैं। अच्छी पैकिंग वाले गिफ्ट बॉक्स की कीमत 400 रुपए तक है। एक किलो का गिफ्ट पैक पहले करीब 1,000 रुपए में तैयार हो जाता था। अब इसकी कीमत 1,300 से 1,500 रुपए तक है। गिफ्ट के लिए तलाश रहे दूसरे विकल्प
ड्राई फ्रूट्स महंगे होने के कारण दुकानदारों ने इस बार चिप्स, चॉकलेट, बिस्किट, कोल्ड ड्रिंक्स और बच्चों के खिलौनों को मिलाकर आकर्षक गिफ्ट बास्केट तैयार किए हैं। नरेश अग्रवाल बताते हैं कि कीमतें बढ़ने से ड्राई फ्रूट्स का बाजार कुछ धीमा है। इसलिए ग्राहकों के बजट को ध्यान में रखकर अलग-अलग तरह की बास्केट बनाई जा रही हैं। उनके अनुसार, कॉरपोरेट संस्थानों से ड्राई फ्रूट्स के गिफ्ट पैक के ऑर्डर मिल रहे हैं, जबकि व्यक्तिगत रूप से उपहार देने वाले ग्राहक मिठाई और दूसरे विकल्प भी तलाश रहे हैं। चित्रम प्रसाद गुप्ता ने बताया कि ड्राई फ्रूट्स होलसेल में दाम में करीब 20 फीसदी की तेजी आई है। वहीं सदर बाजार के अंकित ड्राई फ्रूट्स के संचालक अंकित के अनुसार, पिस्ता और कैलिफोर्निया बादाम की कीमतों में काफी उछाल आया है। पिछले साल की तुलना में मांग भी कम है। ऐसे में इस दीपावली बाजार में खरीदारी से ज्यादा ग्राहकों का बजट और कीमतों के बीच तालमेल बनाने की चुनौती दुकानदारों के सामने है।
Source link