भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

‘मेरी बेटी की मौत के पीछे साजिश’, निशा भगत के पिता ने...


Last Updated:

Nisha Bhagat Death Case: आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या मामले में अब उनके पिता इंदु भगत ने न्याय की गुहार लगाई है. पिता ने पिठोरिया थाने में लिखित आवेदन देकर बेटी को लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित करने, चरित्र हनन और अत्यधिक मानसिक दबाव को आत्महत्या की वजह बताया है. वहीं झामुमो ने कहा है कि सरकार मामले की उच्चस्तरीय जांच कराएगी. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

‘बेटी की मौत के पीछे साजिश’,निशा भगत के पिता ने मांगी CBI जांच, सरकार का भरोसाZoom

निशा भगत ने फेसबुक लाइव आकर अपनी जान दे दी.

रांची. आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की आत्महत्या का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. बेटी की मौत से गमगीन परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है. मृतिका के पिता इंदु भगत ने पिठोरिया थाने में लिखित आवेदन देकर बेटी को लगातार मानसिक और सामाजिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, परिवार ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है.

‘राज्य सरकार की वजह से गई मेरी बेटी की जान’

गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के जोरतांड गांव के रहने वाले इंदु भगत ने अपनी बेटी की मौत के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया है. उनका आरोप है कि निशा को लगातार मानसिक दबाव और चरित्र हनन का सामना करना पड़ रहा था. पिता ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है.

निशा भगत की मां का दर्द छलक पड़ा

बेटी को खोने के गम में मां का भी दर्द छलक पड़ा. उन्होंने कहा कि उनकी इकलौती बेटी को उन्होंने आज खो दिया. इसके पीछे जरूर कोई साजिश है. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बेटी इस तरह उन्हें छोड़कर चली जाएगी. मां ने भावुक होकर कहा, ‘आज लक्ष्मी पूजा से पहले हमारी लक्ष्मी चली गई.’

सरकार कराएगी उच्चस्तरीय जांच, कार्रवाई का भरोसा

वहीं, निशा भगत की मौत को लेकर झामुमो प्रवक्ता और विधायक विकास मुंडा ने कहा कि सरकार पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने के पक्ष में है. उन्होंने कहा कि आदिवासी बेटी को खोना दुर्भाग्यपूर्ण है और सरकार की संवेदना पीड़ित परिवार के साथ है. विकास मुंडा ने कहा कि यह वक्त राजनीति करने का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का है. मामले में जिसका भी नाम सामने आएगा, उसकी जांच होगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

मौत से पहले फेसबुक लाइव में लगाए थे गंभीर आरोप

बता दें कि शुक्रवार दोपहर पिठोरिया थाना क्षेत्र में निशा भगत ने आत्महत्या कर ली थी. मौत से पहले वह फेसबुक लाइव पर आई थीं और कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पुलिस प्रशासन और कुछ अन्य लोगों को अपनी परेशानी के लिए जिम्मेदार ठहराया था. निशा भगत सरना धर्म, आदिवासी अधिकार, धर्मांतरण और जमीन से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहती थीं. उन्होंने 2024 में JLKM के टिकट पर गुमला विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ा था.

पुलिस मामले की जांच कर रही

फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात बताई थी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें फंदे से उतारा. डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बाद में उनका शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया. बताया जा रहा है कि निशा भगत के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार गुमला में किया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

नोट- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे.)

About the Author

Vijay jha

पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top