CBSE Board Exam 2027: सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2027 की डेटशीट जारी होने के बाद अब छात्रों के पास तैयारी की तारीखें तय करने का मौका है. इस बार 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी लेकिन दोनों कक्षाओं के छात्रों का परीक्षा कार्यक्रम अलग-अलग रहेगा. खास बात यह है कि 10वीं के छात्रों की परीक्षाएं होली से काफी पहले 9 मार्च को खत्म हो जाएंगी. वहीं 12वीं के कुछ छात्रों को होली के आसपास भी परीक्षा देनी होगी. 19 मार्च को पॉलिटिकल साइंस, 20 मार्च को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और 22 मार्च को कई विषयों के पेपर रखे गए हैं जबकि 22 मार्च 2027 को होली है यानी होली के दिन भी कुछ 12वीं के छात्रों को परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा हालांकि कुछ जगहों पर होली 23 मार्च को भी है. हर साल की तरह 2027 में भी 22 और 23 मार्च को होली को लेकर असमंजस है ऐसे में जहां 22 मार्च को होली मनेंगी वहां के स्टूडेंटस को परेशानी आ सकती है.
होली से पहले खत्म हो जाएगी 10वीं की बोर्ड परीक्षा
सीबीएसई की ओर से जारी डेटशीट के मुताबिक कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होकर 9 मार्च 2027 तक चलेंगी. इस बार बोर्ड ने कुल 83 विषयों का टाइम टेबल जारी किया है. परीक्षा की शुरुआत पेंटिंग के पेपर से होगी जबकि आखिरी दिन कई भाषाओं, नेशनल कैडेट कॉर्प्स (NCC) और एलिमेंट्स ऑफ बुक कीपिंग एंड अकाउंटेंसी जैसे विषयों की परीक्षा होगी. रंगों वाली होली 22 मार्च 2027 को है. ऐसे में 10वीं के छात्रों की परीक्षा त्योहार से करीब 13 दिन पहले ही खत्म हो जाएगी यानी 10वीं के विद्यार्थियों को होली के आसपास बोर्ड परीक्षा देने की चिंता नहीं रहेगी. वे 9 मार्च को आखिरी पेपर के बाद त्योहार की तैयारी कर सकेंगे.
CBSE Board Exam 2027 Date Sheet: सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं होली के दिन भी.
12वीं वालों की होली के आसपास बढ़ेगी टेंशन, 22 मार्च को भी पेपर
10वीं के उलट 12वीं की परीक्षा मार्च के आखिरी दिनों तक चलेगी. कुछ विषयों के पेपर होली से ठीक पहले कुछ त्योहार के दिन और कुछ होली के बाद निर्धारित किए गए हैं. 22 मार्च 2027 को होली है. त्यौहारी कैलेंडर में दी गई जानकारी के मुताबिक साल 2027 में होलिका दहन रविवार 21 मार्च 2027 को होगा और रंगों की होली (रंगवाली होली / धुलंडी) सोमवार 22 मार्च 2027 को मनाई जाएगी. कुछ पंचांग गणनाओं के अनुसार यह एक दिन आगे यानी होलिका दहन 22 मार्च और होली 23 मार्च को मनाई जाएगी. ऐसे में जहां 22 मार्च को होली होगी वहां के स्टूडेंटस को दिक्कतें आ सकती हैं. इस दिन सीबीएसई 12वीं के कुछ विषयों की परीक्षा भी होगी. होली से तीन दिन पहले यानी 19 मार्च को पॉलिटिकल साइंस का पेपर निर्धारित है. इसके अगले दिन 20 मार्च को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी. इसके बाद 22 मार्च को नॉलेज ट्रेडिशन एंड प्रैक्टिसेज ऑफ इंडिया, भोटी, कोकबोरोक, बैंकिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी के पेपर होंगे. इन सभी विषयों की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगी यानी जिन छात्रों ने इन विषयों को चुना है उन्हें होली के दिन भी परीक्षा देनी होगी. इसके बाद 24 मार्च को कथक डांस और 25 मार्च को बायोलॉजी का पेपर होगा. इस तरह होली के दो दिन बाद और तीन दिन बाद भी 12वीं की परीक्षाएं निर्धारित हैं.
होली से पहले और बाद में 12वीं के कौन-कौन से पेपर?
12वीं की डेटशीट में होली के आसपास की तारीखों पर नजर डालें तो परीक्षा का कार्यक्रम कुछ इस तरह है:
- 19 मार्च, शुक्रवार: पॉलिटिकल साइंस का पेपर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक.
- 20 मार्च, शनिवार: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक.
- 22 मार्च, सोमवार: नॉलेज ट्रेडिशन एंड प्रैक्टिसेज ऑफ इंडिया, भोटी, कोकबोरोक, बैंकिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक.
- 24 मार्च, बुधवार: कथक डांस का पेपर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक.
- 25 मार्च, गुरुवार: बायोलॉजी की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक.
- 27 मार्च, शनिवार: हिस्ट्री का पेपर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक.
- 29 मार्च, सोमवार: फाइनेंशियल मार्केट मैनेजमेंट, एग्रीकल्चर, मेडिकल डायग्नोस्टिक्स और सेल्समैनशिप की परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक.
इस शेड्यूल से साफ है कि 12वीं के सभी छात्रों की परीक्षा होली के दिन नहीं है. 22 मार्च को केवल ऊपर बताए गए विषयों के पेपर निर्धारित हैं. इसलिए छात्रों को अपने विषय और कोड के हिसाब से डेटशीट जरूर देखनी चाहिए.
10वीं में मैथ्स, साइंस और अंग्रेजी के पेपर कब होंगे?
10वीं के मुख्य विषयों की बात करें तो गणित का पेपर 17 फरवरी 2027 को होगा. इसके बाद विज्ञान की परीक्षा 22 फरवरी को और अंग्रेजी की परीक्षा 26 फरवरी को निर्धारित की गई है. हिंदी का पेपर 3 मार्च को होगा जबकि सामाजिक विज्ञान की परीक्षा 8 मार्च को आयोजित की जाएगी.
गणित और विज्ञान के बीच छात्रों को 5 दिन का अंतर मिलेगा. गणित का पेपर 17 फरवरी को है और विज्ञान की परीक्षा 22 फरवरी को होगी. इन दोनों तारीखों के बीच 18, 19, 20 और 21 फरवरी को चार पूरे दिन मिलेंगे.
विज्ञान और अंग्रेजी के बीच 4 दिन का अंतर है. विज्ञान की परीक्षा 22 फरवरी को होगी, जबकि अंग्रेजी का पेपर 26 फरवरी को निर्धारित है. यानी छात्रों को 23, 24 और 25 फरवरी को तैयारी और रिवीजन के लिए तीन पूरे दिन मिलेंगे.
अंग्रेजी के बाद हिंदी की परीक्षा 3 मार्च को होगी. इन दोनों पेपरों के बीच 5 दिन का अंतर है. वहीं हिंदी की परीक्षा 3 मार्च को होने के बाद सामाजिक विज्ञान का पेपर 8 मार्च को होगा. इसके बीच भी 5 दिन का अंतर मिलेगा.
इस तरह 10वीं के छात्रों को गणित, विज्ञान और अंग्रेजी जैसे मुख्य विषयों के बीच तैयारी के लिए कुछ दिनों का समय मिलेगा. हालांकि, छात्रों को अपनी पूरी विषय सूची के हिसाब से दूसरे पेपरों की तारीखें भी देखनी चाहिए.
12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स के बीच कितना गैप?
साइंस स्ट्रीम के छात्रों के लिए 12वीं बोर्ड परीक्षा की शुरुआत फिजिक्स के पेपर से होगी. फिजिक्स की परीक्षा 16 फरवरी 2027 को निर्धारित है. इसके बाद केमिस्ट्री का पेपर 27 फरवरी को होगा. गणित और एप्लाइड मैथमेटिक्स की परीक्षा 9 मार्च को आयोजित की जाएगी. बायोलॉजी का पेपर 25 मार्च को होगा.फिजिक्स और केमिस्ट्री के बीच 11 दिन का अंतर है. फिजिक्स की परीक्षा 16 फरवरी को होने के बाद केमिस्ट्री का पेपर 27 फरवरी को होगा यानी छात्रों को 17 से 26 फरवरी तक 10 पूरे दिन मिलेंगे. केमिस्ट्री और मैथ्स के बीच 10 दिन का अंतर है. केमिस्ट्री का पेपर 27 फरवरी को होगा जबकि गणित और एप्लाइड मैथमेटिक्स की परीक्षा 9 मार्च को निर्धारित है. इन दोनों परीक्षाओं के बीच 28 फरवरी से 8 मार्च तक 9 पूरे दिन मिलेंगे. बायोलॉजी लेने वाले छात्रों का पेपर 25 मार्च को होगा. इस तरह फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी की तैयारी के लिए छात्रों को अलग-अलग समय मिलेगा हालांकि जिन विद्यार्थियों के पास इन मुख्य विषयों के अलावा अन्य विषय भी हैं उन्हें अपनी पूरी डेटशीट के अनुसार तैयारी का प्लान बनाना होगा.
12वीं के दूसरे प्रमुख विषयों की परीक्षा तारीखें भी जान लें
सीबीएसई की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 12वीं के दूसरे प्रमुख विषयों की परीक्षाएं भी फरवरी और मार्च में होंगी. अकाउंटेंसी का पेपर 23 फरवरी को और जियोग्राफी की परीक्षा 25 फरवरी को निर्धारित है. इसके बाद 2 मार्च को साइकोलॉजी, 3 मार्च को क्षेत्रीय भाषाओं और 5 मार्च को इंग्लिश कोर और इंग्लिश इलेक्टिव की परीक्षा होगी.
गणित और एप्लाइड मैथमेटिक्स का पेपर 9 मार्च को होगा. हिंदी कोर और हिंदी इलेक्टिव की परीक्षा 13 मार्च को, जबकि इकोनॉमिक्स का पेपर 16 मार्च को निर्धारित है. पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा 19 मार्च को होगी.
मार्च के आखिरी दिनों में हिस्ट्री, सोशियोलॉजी और कंप्यूटर से जुड़े विषयों की परीक्षाएं होंगी. हिस्ट्री का पेपर 27 मार्च को, सोशियोलॉजी की परीक्षा 30 मार्च को और कंप्यूटर साइंस, इन्फॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज तथा इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का पेपर 31 मार्च को होगा. बिजनेस स्टडीज और बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की परीक्षा 1 अप्रैल 2027 को निर्धारित है.