![]()
बोकारो के नावाडीह प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में शनिवार की सुबह नावाडीह के बासीबेड़ा टोला में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब घर से पेट्रोल लेने जा रहे एक युवक पर घात लगाकर बैठे कुख्यात युवक ने अचानक जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। गोली युवक के जबड़ा को छूती हुई निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार चल रहा है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है। पेट्रोल पंप जाने के दौरान हुई वारदात
घायल युवक की पहचान बासीबेड़ा टोला निवासी कुलदीप महतो उर्फ सावन कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में अस्पताल में इलाजरत कुलदीप महतो ने बताया कि वह सुबह अपनी बाइक की डिक्की में पेट्रोल की बोतल रखकर नावाडीह स्थित पेट्रोल पंप की ओर जा रहा था। घर से कुछ ही दूरी पर स्थित बगीचे के पास एक छोटी पुलिया है। पुलिया के पास कुछ बच्चे खेल रहे थे, जिस कारण उसने अपनी बाइक की रफ्तार धीमी कर दी। इसी दौरान वहां पहले से घात लगाकर बैठे गांव के ही कारू महतो ने बिना किसी कहा-सुनी या बातचीत के अचानक पिस्टल से उस पर सीधी फायरिंग कर दी। खेत की मेड़ पकड़कर जंगल की ओर भागा हमलावर
घटनास्थल के पास मौजूद लोगों और घायल के परिजनों में इस वारदात को लेकर भारी आक्रोश है। घायल कुलदीप के चाचा खेमलाल महतो ने अस्पताल में बताया कि पीड़ित युवक का किसी से कोई पूर्व विवाद या झगड़ा नहीं था। वह शांत स्वभाव का है। आरोपी कारू महतो आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है, जिसका पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और वह जेल भी जा चुका है। वह अक्सर अवैध हथियार लेकर घूमता है। गोली चलाने के तुरंत बाद आरोपी खेत की मेड़ पकड़कर पास के जंगल की ओर भाग निकला। अस्पताल पहुंचकर पुलिस ने दर्ज किया बयान
वारदात की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना की पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायल कुलदीप महतो का फर्दबयान दर्ज किया। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और नजदीकी जंगलों में सघन छापेमारी शुरू कर दी गई है।
Source link